मप्रः इमरती देवी ने मंत्री कृष्णा गौर को गले लगाकर कहा- रामराजा आपको मुख्यमंत्री बना दें!

 


भोपाल, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ओरछा में रविवार को शुरू हुई भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान पूर्व मंत्री इमरती देवी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें वे राज्यमंत्री कृष्णा गौर को गले लगाकर कहती सुनाई दे रही हैं- रामराजा सरकार आपको मुख्यमंत्री बना दें।

दोनों नेता रविवार को निवाड़ी जिले के ओरछा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक में शामिल होने पहुंची थीं। इसी दौरान उनके बीच हुई मुलाकात का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में इमरती देवी राज्यमंत्री कृष्णा गौर को गले लगाती नजर आ रही हैं। इसी दौरान उन्होंने कृष्णा गौर से कहा कि रामराजा सरकार आपको मुख्यमंत्री बना दें।

कृष्णा गौर उनकी बात सुनकर मुस्कुराती नजर आती हैं। इस बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, इमरती देवी की यह बात किसी औपचारिक राजनीतिक घोषणा के तौर पर नहीं कही गई थी, लेकिन भाजपा के नेताओं की मौजूदगी में कही गई इस एक लाइन ने लोगों का ध्यान जरूर खींचा है।

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर की बहू हैं कृष्णा गौर

कृष्णा गौर भोपाल की गोविंदपुरा विधानसभा सीट से विधायक हैं और प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री हैं। वे पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बाबूलाल गौर की बहू हैं। गोविंदपुरा भाजपा का परंपरागत मजबूत क्षेत्र माना जाता है। कृष्णा गौर 2023 में दूसरी बार इस सीट से विधायक चुनी गई थीं। प्रदेश में ओबीसी वर्ग की संख्या कुल आबादी की 50 प्रतिशत है। इसलिए लंबे समय से भाजपा ओबीसी वर्ग से ही मुख्यमंत्री बनाते आ आ रही है। उमा भारती, बाबूलाल गौर, शिवराज सिंह चौहान और उसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ओबीसी वर्ग से ही आते हैं।

सिंधिया खेमे से आती हैं इमरती देवी

वहीं, इमरती देवी ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आई थीं और सिंधिया खेमे की प्रमुख नेताओं में गिनी जाती हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें दतिया जिले की डबरा सीट से हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव हारने के बाद उन्हें अब तक निगम-मंडल में भी कोई जिम्मेदारी नहीं मिली है।

ओरछा में रविवार से शुरू हुई भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक में पहले दिन प्रदेश और बुंदेलखंड के विकास के रोडमैप के साथ आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कार्यसमिति से प्रदेश के साथ बुंदेलखंड के विकास को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। पार्टी का लक्ष्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता का दिल जीतना और विकास को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि कार्यसमिति संगठनात्मक मुद्दों के साथ सुशासन, समृद्धि, सांस्कृतिक गौरव और विकसित मध्य प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाने वाली होगी। बैठक में महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, किसानों के कल्याण और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर सुझाव भी रखे गए।

राहुल कोठारी ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि लोगों का दिल जीतना है। विकास का अर्थ सिर्फ बड़े प्रोजेक्ट और निर्माण कार्य नहीं, बल्कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना भी है।

उन्होंने केन-बेतवा लिंक परियोजना को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। आरोप लगाया कि कांग्रेस ने परियोजना का विरोध किया और विकास की जगह राजनीतिक स्वार्थ को प्राथमिकता दी। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह 9:30 बजे बैठक और कार्यशाला का अगला चरण शुरू होगा। इसमें भाजपा संगठन के कामों को समाज के बीच पहुंचाने और पार्टी के सेवा, संगठन व समाज से जुड़े अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने पर मंथन होगा।

बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंत्री नारायण सिंह, पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा समेत प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के 350 से ज्यादा नेता शामिल हुए। समापन सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मार्गदर्शन करेंगे। संगठन को मजबूत करने के साथ सरकार की योजनाओं और पार्टी के अभियानों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा होगी।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर