ग्वालियर हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, ट्रॉमा सेंटर पहुंचे केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया
ग्वालियर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार रात शीतला माता मंदिर के पास हुई घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए गए हैं। इसी बीच केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के समीप ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की सूचना मिलने पर दु:ख व्यक्त करते हुए सभी मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
केन्द्रीय मंत्री रविवार को जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और दुर्घटना में घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधकों से कहा कि घायलों का समुचित उपचार हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्हाेंने हादसे में मृत हुए सभी श्रद्धालुओं के प्रति गहरा दु:ख व्यक्त किया। केन्द्रीय मंत्री के साथ प्रदेश के उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, विधायक मोहन सिंह राठौर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया व पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रुचिका चौहान ने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच आदेश जारी किए हैं। जांच के लिए अपर जिला मजिस्ट्रेट सीबी प्रसाद को नियुक्त किया गया है। जिला दण्डाधिकारी ने जांच अधिकारी को घटना के विभिन्न बिंदुओं पर 7 दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जिला दण्डाधिकारी ने अपने आदेश में कहा है कि ग्वालियर जिले के पुलिस थाना आंतरी क्षेत्रांतर्गत स्थित शीतला माता मंदिर में नवरात्रि की सप्तमी तिथि को चीनौर रोड से आते हुए तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू हो जाने के कारण सड़क किनारे बनी प्रसाद की पांच दुकानों को रौंदते हुए शीतला माता मंदिर के मुख्य द्वार से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमें प्रारंभिक स्तर पर 14 व्यक्तियों की मृत्यु एवं 27 लोगों के घायल होने की जानकारी प्राप्त हुई है।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि जिले के सातऊ स्थित शीतला माता मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास शनिवार देर रात लगभग 1 : 30 बजे हुए सड़क हादसे में 14 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई, लगभग 42 श्रद्धालु घायल हुए हैं। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं का जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर में विशेष उपचार किया जा रहा है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।
उन्होंने बताया कि आंतरी की ओर से आ रहा धान से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से टकरा गया। इस दौरान प्रवेश द्वार के पास मौजूद श्रद्धालु ट्रक की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एवं पुलिस की टीम द्वारा घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से तत्काल जयारोग्य चिकित्सालय, ग्वालियर के ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तेजी के साथ उनका उपचार प्रारंभ किया।
रुचिका चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के साथ ट्रामा सेंटर पहुंचकर घायलों के उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। करीब आठ गंभीर घायलों का ट्रामा सेंटर में विशेष उपचार किया जा रहा है। शेष घायलों का उपचार भी जारी है। जिला प्रशासन घायलों के बेहतर से बेहतर उपचार और आवश्यक व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जा रहा है।
शीतला माता मंदिर के समीप हुई दु:खद दुर्घटना की सूचना मिलने पर संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों को तत्परता से प्रभावित लोगों की मदद करने के निर्देश दिए। उन्होंने जेएएच प्रबंधन से भी चर्चा कर घायलों का बेहतर से बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्घटना में घायल हुए लोगों के उपचार के लिये विशेष चिकित्सकीय टीम लगाएं। साथ ही उपचार पर 24 घंटे नजर रखें। संभागीय आयुक्त ने राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश भी जिला प्रशासन को दिए हैं।
वहीं, शीतला माता मंदिर हादसे के बाद प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना एवं नवीकरण ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर ग्वालियर में अस्पताल पहुंचकर घायल श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य का हाल जाना एवं चिकित्सकों से चर्चा कर सभी घायल श्रद्धालुओं का बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उनके साथ क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। --------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर