उड़ान योजना के जरिए आम लोगों तक हवाई यात्रा पहुंचाने का किया जा रहा प्रयास : केंद्रीय मंत्री नायडू

 




- मप्र को मिलीं 4 नई सीधी उड़ानें, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

भोपाल, 09 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के सिविल एविएशन सेक्टर में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले हवाई यात्रा कुछ लोगों तक सीमित थी, लेकिन उड़ान योजना 'उड़े देश का आम नागरिक' के जरिए इसे आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री नायडू और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को राजधानी भोपाल के राजा भोज विमानतल में प्रदेश में 4 नई सीधी हवाई सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर इनका शुभारंभ किया। उन्होंने भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता रूटों पर सीधी हवाई सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान सरकार ने किराए की अधिकतम सीमा तय करने, नए एयरपोर्ट्स की मंजूरी और भोपाल से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की योजना की भी जानकारी दी।

केंद्रीय मंत्री नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उड़ान योजना के तहत देश में करीब 90 एयरपोर्ट विकसित किए गए हैं। एयरक्राफ्ट का बेड़ा और यात्रियों की संख्या भी लगभग दोगुनी हुई है। छोटे शहरों में एयरपोर्ट बनने के बाद वहां पर्यटन, व्यापार, रोजगार और निवेश की संभावनाएं तेजी से बढ़ी हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार की एविएशन पॉलिसी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विमानन क्षेत्र में एक कदम आगे बढ़ रही है तो मध्य प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में दो कदम आगे बढ़ रही है। यही डबल इंजन सरकार की ताकत है।

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि रीवा-भोपाल हवाई सेवा का किराया ₹2700 से शुरू होगा, जिसकी अधिकतम सीमा (कैपिंग) ₹3500 तय की गई है। रीवा से कोलकाता के बीच का किराया ₹3700 से ₹5000 के दायरे में रहेगा। विंध्य क्षेत्र के लिए इस सेवा को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा कि सड़क और रेल नेटवर्क के साथ अब बेहतर एयर कनेक्टिविटी मिलने से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और निवेश के नए अवसर खुलेंगे।

विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया मॉडिफाइड उड़ान कार्यक्रम 2036 तक जारी रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में रीवा, दतिया और सतना के बाद अब उज्जैन व शिवपुरी में नए एयरपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं, साथ ही केंद्र सरकार ने प्रदेश के लिए 5 नए एयरपोर्ट्स को सैद्धांतिक मंजूरी दी है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी पर बात करते हुए कहा कि इंदौर-अबूधाबी सेवा के बाद अगले दो महीनों में भोपाल से शारजाह (यूएई) के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू होने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त, गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए प्रदेश में आयुष्मान कार्ड के आधार पर निःशुल्क एयर एंबुलेंस (प्लेन या हेलीकॉप्टर) सेवा की उपलब्धता की बात भी दोहराई, जिसके माध्यम से आपात स्थिति में मरीजों को शीघ्र एयरलिफ्ट किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा उज्जैन, इंदौर और ओंकारेश्वर में पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवाओं का भी संचालन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत