मप्र के मंत्री गौतम टेटवाल ने राहुल गांधी को बताया बिना लक्ष्य की मिसाइल

 




भोपाल, 05 अक्टूबर (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखे गए पत्र को लेकर प्रदेश की की राजनीति गरमा गई है। इस पर राज्य के कौशल विकास मंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि राहुल गांधी बिना लक्ष्य की मिसाइल है। उनको पता ही नहीं लगता कि कहां दागना है। उनका निशाना भी बेकार ही जाता है।

मंत्री टेटवाल ने सोमवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राहुल गांधी का कोई निश्चित लक्ष्य नहीं होता और वे कब क्या बोल दें, यह खुद उन्हें भी पता नहीं होता। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश सरकार युवा सम्मेलन के माध्यम से युवाओं को रोजगार देने का काम कर रही है। लाखों युवाओं को रोजगार भी दिया है। आज कृषि विभाग के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं को नियुक्ति पत्र और रोजगार देने का काम किया है। राहुल गांधी को स्वयं का आकलन करना चाहिए और सोच-समझकर स्टेटमेंट देना चाहिए।

दरअसल, मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थी 46 दिनों से भोपाल में आंदोलन कर रहे हैं। इसी बीच राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने कहा कि एक लाख से ज्यादा शिक्षक पद खाली हैं, लेकिन शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-3 के 13,089 और वर्ग-2 के 10,800 पद ही निकाले गए। राहुल ने वर्ग-2 में हर विषय के 3 हजार और वर्ग-3 में 25 हजार पद बढ़ाने की मांग की। उन्होंने आंदोलनकारी अभ्यर्थियों के नोटिस वापस लेने और दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करने को भी कहा।

राहुल गांधी ने बीते 29 सितंबर को यह पत्र मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखा था। सोमवार को पत्र के सार्वजनिक होने पर मंत्री गौतम टेटवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी पर पलटवार किया।

85 हजार से अधिक नियुक्तियां कीं, अगले साल 01 लाख नौकरियां: मुख्यमंत्री

वहीं, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी सोमवार को एक कार्यक्रम में कहा कि उनकी सरकार इस कार्यकाल में अब तक 85 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां दे चुकी है। यह हमारे काम करने का तरीका है। हम अगले साल सभी विभागों में एक लाख नए पदों पर भर्ती करने जा रहे हैं। इसी साल हम लगभग 15 सौ नए पदों पर भर्ती निकालने वाले हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर