मप्र में देश के सबसे बड़े गांधीसागर पंप स्टोरेज हाइड्रो पॉवर प्रोजेक्ट को मिली गति, जून 2027 तक होगा पूर्ण

 


- 2,000 मेगावॉट क्षमता का है प्रोजेक्ट, प्रदेश की विद्युत उत्पादन क्षमता को मिलेगी मजबूती

भोपाल, 17 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की महत्वाकांक्षी गांधीसागर पम्प स्टोरेज हाइड्रो पावर परियोजना रिकॉर्ड समय-सीमा में पूर्ण होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। जनवरी 2024 में प्रारंभ हुई यह परियोजना जून 2027 तक पूरी होने का लक्ष्य है। लगभग साढ़े तीन वर्ष में तैयार होने वाला 2,000 मेगावॉट क्षमता का यह प्रोजेक्ट पम्प स्टोरेज टेक्नोलॉजी पर आधारित देश का सबसे बड़ा हाइड्रो पॉवर प्रोजेक्ट होगा।

जनसंपर्क अधिकारी सुनील वर्मा ने मंगलवार को बताया कि इस परियोजना के प्रारंभिक चरण में कुछ नीतिगत विसंगतियों के कारण कार्य के क्रियान्वयन में कठिनाइयां आ रही थीं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परियोजना के महत्व को देखते हुए विशेष रुचि लेकर नीतिगत स्तर पर आवश्यक बदलाव सुनिश्चित कराए। इससे परियोजना के कार्यान्वयन की बाधाएं दूर हुईं और निर्माण कार्य को गति मिली।

उन्होंने बताया कि परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन में मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अंतरराज्यीय समन्वय की पहल भी महत्वपूर्ण रही है। गांधीसागर बांध के जलस्तर को कम करना परियोजना के निर्माण कार्य के लिए आवश्यक था, ताकि कार्यस्थल पर पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सके। इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजस्थान के मुख्यमंत्री से चर्चा कर जलस्तर कम कराने के लिए पहल की। इससे परियोजना के निर्माण कार्य को तेजी और सुगमता मिली।

जनसंपर्क अधिकारी का कहना है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नीतिगत हस्तक्षेप, राजस्थान सरकार के साथ प्रभावी समन्वय और परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है कि गांधीसागर पम्प स्टोरेज हाइड्रो पॉवर प्रोजेक्ट तेजी से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। परियोजना पूर्ण होने पर प्रदेश की विद्युत उत्पादन क्षमता को मजबूती मिलेगी और ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में मध्य प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में अपनी महत्वपूर्ण पहचान स्थापित करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत