योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर अधिकतम नागरिकों तक पहुंचाएं लाभः शिवराज सिंह चौहान
- केन्द्रीय मंत्री चौहान ने रायसेन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी (दिशा) समिति की बैठक में की योजनाओं की समीक्षा
रायसेन, 24 अगस्त (हि.स.)। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों से कहा कि बैठक का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा करना नहीं है, बल्कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर अधिकतम नागरिकों तक लाभ पहुंचाना है। योजनाओं तथा विकास कार्यों का लाभ जिले के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचना चाहिए।
केन्द्रीय मंत्री चौहान सोमवार को मध्य प्रदेश के रायसेन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी (दिशा) समिति की बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने, योजनाओं की नियमित निगरानी करने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए बनाए गए कृषि रोड मैप पर चर्चा करते हुए कहा कि अधिक से अधिक किसानों को उद्यानिकी और नकदी फसलों की खेती के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान मेले, संगोष्ठियों का आयोजन किया जाकर प्रगतिशील किसानों, वैज्ञानिकों का किसानों से संवाद कराएं और उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाए। इसका समुचित प्रचार-प्रसार भी कराएं। जिले में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने, उनकी आय में वृद्धि के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में आईसीआर के राजवीर ने वर्चुअली जानकारी दी कि बताया कि कृषि रोड मैप अंतर्गत एफपीओ, स्व-सहायता समूहों, किसानों को उन्नत कृषि संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसमें फल, सब्जी, दलहन, तिलहन, गेहूं, चावल आदि की उन्नत खेती की जानकारी के साथ ही उन्नत बीज भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
केन्द्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास प्लस 2024-25 की समीक्षा करते हुए कहा कि हितग्राहियों को आवास के लिए सीमेन्ट, रेत, ईट आदि सामग्री एक ही जगह पर उपलब्ध होने से हितग्राहियों को सुविधा होगी। इस पर विचार किया जाए। साथ ही हितग्राही राशि का उपयोग आवास निर्माण में ही करें, इसके लिए मॉनीटरिंग भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पात्र परिवार योजना के लाभ से छूटे नहीं! यदि पात्र परिवार योजना के लाभ से शेष रह गए हैं तो उन्हें भी सूची में शामिल किया जाए।
उन्होंने वीबी-जी राम-जी योजना के क्रियान्वयन की भी विकासखण्डवार जानकारी लेते हुए सभी पात्र ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कहा। बैठक में जानकारी दी गई कि सभी विकासखण्डों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संरपचों के साथ प्रशिक्षण पूर्ण हो गया है। इसी प्रकार वॉटर शेड अंतर्गत बेतवा पुर्नजीवन के कार्य के लिए प्रस्ताव केन्द्र को भेजा गया है।
बैठक में केन्द्रीय कृषि मंत्री ने दीनदयाल कौशल विकास योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं का कौशल विकास कर उन्हें रोजगार से जोड़ना है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रशिक्षणार्थी अब क्या कर रहे हैं, इसकी जानकारी जरूरी है। योजना के तहत स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण की व्यवस्था किए जाने पर भी चर्चा की गई। इसी प्रकार ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण योजना की भी समीक्षा की गई। केन्द्रीय मंत्री चौहान ने मप्र ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि ठेकेदारों को राशि का भुगतान करने से पहले कार्य की गुणवत्ता की जांच की जाए।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि इस वित्तीय वर्ष में 70 प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति हो जाएगी। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी अपने क्षेत्रों से संबंधित विकास कार्यों और जनसमस्याओं को समिति के समक्ष रखा। अधिकारियों ने संबंधित विषयों पर आवश्यक जानकारी दी तथा समस्याओं के निराकरण के लिए की जा रही कार्रवाई से अवगत कराया। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि विभाग, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, विद्युत, सामाजिक न्याय सहित विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
रायसेन में शास.कन्या महाविद्यालय में हेल्प डेस्क का किया शुभारंभ
केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को रायसेन में शासकीय कन्या महाविद्यालय में अजीम प्रेजमी स्कॉलरशिप योजना के तहत छात्राओं को फार्म भरने में सुविधा के लिए हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया। इस दौरान उन्होंने स्वयं छात्रा दीक्षा का अजीम प्रेजमी स्कॉलरशिप योजना के तहत आवेदन करने की प्रकिया पूर्ण कराई। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय में उपस्थित छात्राओं तथा वीसी के माध्यम जिले के सभी शासकीय महाविद्यालयों की छात्राओं से योजना की जानकारी साझा करते हुए पात्र छात्राओं को समय पर आवेदन करने के लिए प्रेरित किया।
केन्द्रीय मंत्री चौहान ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी पात्र छात्रा, स्कॉलरशिप योजना के तहत आवेदन करने से छूटे नहीं और आवेदन भरते समय कोई त्रुटि ना हो! इसके लिए महाविद्यालय में छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। हेल्प डेस्क के माध्यम से छात्राओं को छात्रवृत्ति योजना से संबंधित पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, फार्म भरने और आवेदन जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ही आवेदन भी भरे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आर्थिक कारणों से किसी भी छात्रा की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सरकार द्वारा संचालित स्कॉलपरशिप योजनाओं तथा विभिन्न संगठनों द्वारा भी संचालित की जा रहीं स्कॉलरशिप योजनाओं का लाभ सभी पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने प्राचार्य तथा अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र छात्रा, आवेदन भरने से छूटे नहीं। केन्द्रीय मंत्री से संवाद के दौरान छात्राओं ने कहा कि महाविद्यालय में ही मार्गदर्शन और आवेदन संबंधी सहायता मिलने से उन्हें काफी सुविधा होगी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित रहे।
शासकीय कन्या महाविद्यालय में कम्प्यूटर लैब का लोकार्पण
केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान द्वारा शासकीय कन्या महाविद्यालय में कम्प्यूटर लैब का भी लोकार्पण किया गया। इस दौरान लैब का अवलोकन किया तथा छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उन्हें पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर