सरसंघचालक भागवत बालाघाट के कारंजा पहुंचे, स्मृति भवन और बालासाहेब देवरस नेत्रालय का करेंगे लोकार्पण

 


- सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ, हॉक सीआईएसएफ और जिला पुलिस बल के 1500 जवान तैनात

बालाघाट, 06 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मंगलवार को मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के एक दिवसीय प्रवास पर कारंजा पहुंचे हैं। वे यहां संघ के तृतीय सरसंघचालक बालासाहेब देवरस और ज्येष्ठ प्रचारक भाऊराव देवरस की पैतृक भूमि कारंजा में स्मृति भवन और बालासाहेब देवरस नेत्रालय का लोकार्पण करेंगे।

सरसंघचालक डॉ. भागवत नागपुर से सड़क मार्ग से भंडारा, तुमसर, तिरोड़ा, गोंदिया और आमगांव होते हुए दोपहर करीब 12 बजे कारंजा पहुंचे। कभी नक्सली क्षेत्र रहे लांजी के कारंजा में संरसंघचालक डॉ. भागवत की सुरक्षा को लेकर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई है। इसमें सीआरपीएफ, हॉक, सीआईएसएफ और जिला पुलिस बल के करीब डेढ़ हजार जवानों को तैनात किया गया है।

सरसंघचालक कारंजा में नवनिर्मित स्मृति भवन एवं बालासाहेब देवरस नेत्रालय का लोकार्पण करेंगे। स्मृति भवन तृतीय सरसंघचालक बालासाहेब देवरस और भाऊराव देवरस के जीवन, कार्य और संघ से जुड़े योगदान की स्मृतियों को प्रदर्शित करने के लिए तैयार किया गया है। वहीं नेत्रालय के माध्यम से क्षेत्र में नेत्र जांच और उपचार से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर