मप्र के डिण्डोरी में 26.24 करोड़ की धान खरीदी में फर्जीवाड़ा, व्यापारी व मिल संचालकों पर एफआईआर के निर्देश

 


- 140 किसानों के नाम पर फर्जी प्रविष्टियां, 16 किसानों ने धान बेचने और भुगतान मिलने से किया इनकार

- हरिहर ट्रेडर्स के पोर्टल पर 1.22 लाख क्विंटल धान की खरीदी दर्ज, मंडी सचिव व निरीक्षक पर भी गिरी गाज

डिण्डोरी, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में धान खरीदी, परिवहन, भंडारण और कस्टम मिलिंग में 26.24 करोड़ रुपये की गंभीर अनियमितताओं का मामला जांच में उजागर हुआ है। कृषि उपज मंडी समिति गोरखपुर से जुड़े इस प्रकरण में हरिहर ट्रेडर्स, ग्राम हर्रा के प्रोपराइटर स्वप्निल खनूजा द्वारा ई-अनुज्ञा पोर्टल पर 140 किसानों के नाम से 1,22,584.50 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज कराई गई, जिसका मूल्य 26 करोड़ 24 लाख 23 हजार 68 रुपये दर्शाया गया है।

जांच के दौरान सत्यापन के लिए चयनित 16 विक्रेताओं ने धान बेचने और भुगतान प्राप्त करने से इनकार किया। इनमें भूमिहीन, अत्यल्प भूमि धारक मजदूर और बीपीएल श्रेणी के हितग्राही शामिल हैं। जांच में कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर धान का स्टॉक तैयार कर महाराष्ट्र एवं तेलंगाना भेजने, कस्टम मिलिंग में बिजली खपत का अंतर और गोदाम में अमानक चावल जमा कराने जैसे तथ्य भी सामने आए हैं।

शनिवार को मामले की गंभीरता को देखते हुए डिंडोरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने व्यापारी एवं राइस मिल संचालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, मंडी सचिव अशोक राजपूत एवं मंडी निरीक्षक गुलाब सिंह धुर्वे को सात दिवस में जवाब देने का नोटिस जारी किया गया है तथा दोनों को तत्काल निलंबित करने का प्रस्ताव भोपाल भेजा गया है।

140 किसानों के नाम पर 26.24 करोड़ की खरीदी, 16 के बयान में खुली पोल

जांच प्रतिवेदन के अनुसार, एक जनवरी से 27 अक्टूबर 2026 के बीच हरिहर ट्रेडर्स के ई-अनुज्ञा पोर्टल पर 140 धान विक्रेताओं से कुल 1,22,584.50 क्विंटल धान की नगद खरीदी दर्ज की गई। इसके एवज में 26,24,23,068.60 रुपये का भुगतान दर्शाया गया। अभिलेखों में 33,32,164.09 रुपये मंडी शुल्क तथा 5,24,846.13 रुपये निराश्रित शुल्क जमा होना भी दर्ज है।

जांच दल ने 140 विक्रेताओं में से यादृच्छिक आधार पर 16 के बयान दर्ज किए। इनके नाम पर 45,986.50 क्विंटल धान की खरीदी और लगभग 9.94 करोड़ रुपये का भुगतान दर्ज पाया गया था। इनमें कई व्यक्ति भूमिहीन अथवा अत्यल्प भूमि धारक मजदूर और बीपीएल श्रेणी के हितग्राही हैं। कुछ लोग स्वयं हरिहर ट्रेडर्स में 300 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी पर काम करते हैं। संबंधित व्यक्तियों ने धान विक्रय और भुगतान प्राप्त करने से स्पष्ट इनकार किया। जांच प्रतिवेदन में उनके नाम, मोबाइल नंबर और आधार संबंधी विवरणों का कथित दुरुपयोग कर फर्जी खरीदी प्रविष्टियां दर्ज किए जाने की बात सामने आई है।

बिना भौतिक सत्यापन के अनुमोदित हुई खरीदी और भुगतान प्रविष्टियां

जांच में पाया गया कि विक्रेताओं की भूमि, कृषि उत्पादन, धान की उपलब्धता और मंडी में वास्तविक आवक का भौतिक सत्यापन किए बिना पोर्टल पर खरीदी संबंधी प्रविष्टियां दर्ज की गईं। इसके बाद आधिकारिक लॉगिन आईडी से क्रय-विक्रय एवं भुगतान पत्रकों का अनुमोदन किया गया। इस प्रक्रिया में मंडी सचिव और मंडी निरीक्षक की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। प्रशासन ने इसे पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही मानते हुए दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।

कागजों पर तैयार धान का स्टॉक महाराष्ट्र और तेलंगाना भेजा

जांच प्रतिवेदन के अनुसार पोर्टल पर दर्ज कथित फर्जी खरीदी के आधार पर तैयार स्टॉक में से महाराष्ट्र के व्यापारियों को 1,21,814.65 क्विंटल तथा तेलंगाना के व्यापारियों को 978 क्विंटल धान विक्रय कर भेजना दर्ज पाया गया। इस प्रकार कुल 1,22,792.65 क्विंटल धान दूसरे राज्यों में भेजे जाने का विवरण सामने आया है।

जांच के दौरान मिल परिसर में खड़े छह ट्रकों का निरीक्षण भी किया गया। इनमें एक ट्रक क्रमांक यूपी 70 एफटी 3918 में प्लास्टिक की बोरियों में धान लोड पाया गया। परिवहन संबंधी दस्तावेजों और वास्तविक स्टॉक की प्रमाणिकता को लेकर भी जांच में अनियमितताएं सामने आई हैं।

कस्टम मिलिंग में 87,250 यूनिट बिजली खपत का अंतर

हरिहर राइस मिल, ग्राम हर्रा द्वारा शासकीय धान की कस्टम मिलिंग के लिए 642 लॉट का अनुबंध किया गया था, जिसमें से 341 लॉट धान का उठाव किया गया। जांच प्रतिवेदन के अनुसार जनवरी से अक्टूबर 2026 तक 329 लॉट की मिलिंग के लिए निर्धारित मानक के अनुसार 2,56,620 यूनिट बिजली की खपत होनी चाहिए थी। शासन का निर्धारित मानक प्रति लॉट 780 यूनिट है, जबकि बिजली बिलों में केवल 1,69,370 यूनिट की खपत दर्ज मिली। इस प्रकार 87,250 यूनिट का अंतर सामने आया। जांच में इसे शासकीय धान की पूरी मिलिंग नहीं किए जाने और स्टॉक की अफरा-तफरी की आशंका से जोड़कर देखा गया है।

मिल परिसर में कनकी का स्टॉक और उसकी बिक्री संबंधी दस्तावेज भी नहीं मिले। जांच प्रतिवेदन में इसे कस्टम मिलिंग अनुबंध की शर्तों तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन बताया गया है।

खुले बाजार से चावल खरीदकर सीएमआर में जमा कराने का आरोप

जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि हरिहर राइस मिल द्वारा शासकीय धान की मिलिंग के बजाय खुले बाजार से चावल खरीदकर निगवानी गोदाम परिसर डिंडौरी में कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) के रूप में जमा कराया गया। इसके बाद 17 नवंबर 2026 को किए गए गुणवत्ता परीक्षण में गोदाम क्रमांक 17 के स्टेक क्रमांक 12 में 42.45 प्रतिशत तथा गोदाम क्रमांक 15 के स्टेक क्रमांक 10 में 47.20 प्रतिशत टूटा हुआ चावल पाया गया। यह मात्रा निर्धारित गुणवत्ता मानकों से अधिक बताई गई है।

चावल को निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप अपग्रेड करने के लिए 26 नवंबर को संबंधित पत्र भी जारी किया गया। वेयरहाउस में सीसीटीवी और अग्निशमन व्यवस्था नहीं मिली 28 अक्टूबर 2026 को हरिहर वेयरहाउस, ग्राम हर्रा के निरीक्षण के दौरान धान के भंडारण और सुरक्षा व्यवस्था में भी कमियां पाई गईं।

निरीक्षण प्रतिवेदन के अनुसार 19,169.59 मीट्रिक टन उपार्जित धान अर्थात 48,039 बोरियों का सत्यापन किया गया। वेयरहाउस की भंडारण क्षमता 3,600 मीट्रिक टन बताई गई है। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र और रेत से भरी बाल्टियां नहीं मिलीं। साफ-सफाई का अभाव भी पाया गया। इन कमियों को वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स से संबंधित अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन माना गया है।

कलेक्टर ने एफआईआर और विभागीय कार्यवाही के दिए निर्देश

जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कलेक्टर द्वारा 28 नवंबर 2026 को जारी आदेश के माध्यम से तहसीलदार बजाग को हरिहर ट्रेडर्स के प्रोपराइटर स्वप्निल खनूजा एवं हरिहर राइस मिल के संचालक सोनेश खनूजा के विरुद्ध संबंधित पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रकरण में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 तथा धोखाधड़ी एवं गबन से संबंधित प्रावधानों के तहत कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर द्वारा मंडी सचिव अशोक राजपूत एवं मंडी निरीक्षक गुलाब सिंह धुर्वे को जारी कारण बताओ नोटिस में सात दिवस के भीतर जवाब मांगा गया है। अधिकारियों से पूछा गया है कि विक्रेताओं की वास्तविक स्थिति, भूमि का रकबा और कृषि उत्पादन का सत्यापन किए बिना खरीदी एवं भुगतान संबंधी प्रविष्टियों को किस आधार पर अनुमोदित किया गया। इसके साथ ही अभिलेखों एवं साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका को देखते हुए मध्य प्रदेश राज्य मंडी बोर्ड सेवा विनियम, 1998 के तहत दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का प्रस्ताव प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड, भोपाल को भेजा गया है। सक्षम प्राधिकारी द्वारा प्रस्ताव पर निर्णय लिया जाएगा। धान खरीदी से लेकर परिवहन, कस्टम मिलिंग और भंडारण तक सामने आई इन अनियमितताओं के बाद अब पुलिस विवेचना और विभागीय जांच के माध्यम से पूरे प्रकरण में जिम्मेदारी तय की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर