(अपडेट) मप्र के धार में श्रद्धालुओं की वैन को ट्रॉले ने मारी टक्कर, गुजरात के 6 युवकों की मौत
धार, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले में बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर रविवार दोपहर भीषण हादसे में गुजरात के छह युवकों की मौत हो गई। सभी श्रद्धालु मारुति ईको वैन में सवार होकर उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने के बाद गुजरात लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी वैन को गलत दिशा से आ रहे अनियंत्रित ट्रॉले ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह दुर्घटना घटी।मृतक युवकों में से अभी चार की ही पहचान हो सकी है।
पुलिस के अनुसार गुजरात के कुछ युवक मारुति ईको वैन से उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन करने के लिए आए थे। यहां से लौटते समय रविवार दोपहर करीब एक बजे पंचकवासा गांव के पास उज्जैन फोरलेन पर गलत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रॉले ने वैन को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही बदनावर थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से वैन में फंसे शवों को बाहर निकाला गया।
बदनावर थाना प्रभारी कुशवाह ने बताया कि हादसे में वैन में सवार छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसा इतना भीषण था कि दो शवों को ग्राइंडर मशीन से वैन को काटकर निकाला गया। सभी महाकाल के दर्शन कर उज्जैन से वड़ोदरा लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद फोरलेन पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने सुचारु कराया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। शवों का पंचनामा बनाकर उन्हें बदनावर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है, जहां उनका पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
धार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डाबर ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी 6 लोग आपस में दोस्त थे। मृतकों में से चार की पहचान नितेश भाई पुत्र प्रकाश भाई निवासी गोधरा, मयूर कुमार चौहान पुत्र प्रकाश भाई निवासी गोधरा, विशाल कुमार पुत्र रमेश भाई परमार निवासी पंचमहल और राकेश पुत्र भूपत भाई निवासी गोधरा के रूप में हुई है। दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों के मुताबिक ट्रॉला बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर गलत साइड से उज्जैन की ओर जा रहा था। ट्रॉले में लोहे का सामान भरा था। वहीं, मारुति ईको स्पोर्ट्स वैन उज्जैन से गुजरात की ओर जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्रॉले का ड्राइवर भाग गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार की खिड़की का कांच तोड़कर अंदर से शवों को बाहर निकाला।
हादसे की जानकारी पर धार कलेक्टर राजीव रंजन मीणा और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। कलेक्टर मीणा ने बताया कि हादसे के बाद ट्रॉले का ड्राइवर भाग गया था। बड़नगर थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाहा, तहसीलदार सुरेश नगर और एसडीएम प्रियंका मिमरोद ने पुलिस टीम के साथ चालक का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। फिलहाल ट्रॉला चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के परिजन को सूचना दे दी है। शवों का पंचनामा बनाकर उन्हें बदनावर सिविल अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुर्घटना पर व्यक्त किया दु:ख
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार जिले के बदनावर के पास ग्राम पंचकवासा में हुई सड़क दुर्घटना पर गहन दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर जारी अपने शोक संदेश में कहा कि दुर्घटना में यात्रियों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दु:खद है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी आत्मीय संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिजन को यह दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर