दतिया विस उपचुनावः मतगणना जारी, 5वें राउंड के बाद कांग्रेस उम्मीदवार 308 वोटों से आगे
दतिया, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की चर्चित दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना हो रही है। खबर लिखे जाने तक पांचवें राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। इस राउंड तक कांग्रेस उम्मीदवार 308 मतों से आगे चल रहे हैं।
आज सुबह दतिया शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में 8 बजे मतगणना शुरू हुई। पहले राउंड की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी के (भाजपा) उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने बढ़त बनाई थी। इस राउंड में उन्हें 4,441 और कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह को 3,532 वोट प्राप्त हुए थे। इस प्रकार भाजपा ने पहले राउंड में 909 वोटों की बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन इसके बाद के तीन राउंड में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने बाजी मारते हुए 808 मतों की बढ़त हासिल कर ली।
दूसरे राउंड में भाजपा को 3702 और कांग्रेस को 4011 वोट मिले, जबकि तीसरे राउंड में भाजपा को 4146 और कांग्रेस को 5054 मत हासिल हुए। वहीं, चौथे राउंड में भाजपा को 4058 और कांग्रेस 4858 वोट मिले। लगातार तीन राउंड में बढ़त हासिल करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह चार राउंड के बाद भाजपा उम्मीदवार से 800 मतों से आगे निकल गए, लेकिन पांचवें राउंड की मतगणना में भाजपा को 4282 और कांग्रेस को 3757 मत हासिल हुए। इससे कांग्रेस की लीट कम होकर 308 मतों की रह गई।
इधर, मतगणना के बीच जीत-हार को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी जारी है। कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने कहा है कि हम 12 हजार से 15 हजार वोटों से जीतेंगे। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भाजपा ही जीतेगी, मैं प्रारंभ से ही कह रहा हूं। ये मेरे अकेले की मेहनत नहीं है, भाजपा में सामूहिक प्रयास होता है। जिम्मेदारी सभी की रहती है। मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष सभी ने मेहनत की है, ये जरूर रंग लाएगी।
दतिया विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदान 71.44% मतदान हुआ है। यहां कुल 15 राउंड में मतगणना संपन्न होगी। मतगणना के लिए 21 टेबल लगाई हैं, जहां करीब 350 अधिकारी-कर्मचारी तैनात हैं। मतगणना स्थल को सुरक्षा की दृष्टि से छावनी में तब्दील कर दिया गया है। केवल अधिकृत पासधारकों को ही प्रवेश दिया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर