मप्र के मुख्य सचिव अनुराग जैन को केंद्र में मिली बड़ी जिम्मेदारी, नीति आयोग के सीईओ नियुक्त
भोपाल, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और वर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन को केन्द्र में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें नीति आयोग का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है।
इस संबंध में केन्द्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की अपॉइंटमेंट कमेटी ऑफ द कैबिनेट (एसीसी) ने बुधवार शाम आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुराग जैन का कार्यकाल नीति आयोग में पदभार ग्रहण करने की तारीख से दो वर्ष तक रहेंगा।
नीति आयोग केंद्र सरकार का शीर्ष सार्वजनिक नीति थिंक टैंक है, जो देश की विकास योजनाओं, आर्थिक नीतियों और राज्यों के साथ समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अनुराम जैन नीति आयोग के डेवलपमेंट मॉनिटरिंग एंड इवैल्यूएशन ऑफिस की महानिदेशक निधि छिब्बर की जगह लेंगे। आईएएस अधिकारी सुब्रह्मण्यम के शुरुआती दो साल के कार्यकाल को एक साल के लिए बढ़ाया गया था, जो इस साल 24 फरवरी में खत्म हुआ। इसके बाद निधि छिब्बर अतिरिक्त प्रभार के तौर पर यह पद संभाल रही थीं।
गौरतलब है कि 1989 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी अनुराग जैन को 3 अक्टूबर 2024 को मध्य प्रदेश का मुख्य सचिव बनाया गया था। साल 2025 में सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया था। उनका कार्यकाल 31 अगस्त 2026 को समाप्त हो रहा है। नीति आयोग के सीईओ के रूप में उनकी नियुक्ति के बाद अब मध्य प्रदेश में नए मुख्य सचिव की नियुक्ति को लेकर भी प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मध्य प्रदेश सरकार को एक अक्टूबर से पहले नए मुख्य सचिव की नियुक्ति करनी होगी। वर्तमान में मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अफसरों में मुख्य सचिव अनुराग जैन के बाद डॉ. राजेश कुमार राजौरा सबसे वरिष्ठ हैं। इस लिहाज से मुख्य सचिव पद पर उनकी दावेदारी सबसे मजबूत है। उनके अलावा केंद्र में पदस्थ मनोज गोविल, पंकज अग्रवाल भी इस सूची में शामिल हैं अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी मनु श्रीवास्तव और नीरज मंडलोई के नाम भी चर्चा में हैं। हालांकि, मुख्य सचिव कौन होगा, इसका अंतिम निर्णय केंद्र सरकार ही करेगी।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर