मप्र के धार में पिकअप और बाइक के बीच सीधी भिड़ंत, चार लोगों की मौत
धार, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के कानवन थाना क्षेत्र अंतर्गत कोद-बिड़वाल रोड पर ग्राम कुमेड़ी में बिलकेश्वर महादेव मंदिर के पास सोमवार रात करीब आठ बजे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक युवक और तीन लड़कियां शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 09 जीएच 4628 कोद से बिड़वाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान बिड़वाल की तरफ से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-11 जेडएल 5727 को पिकअप ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर चार लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद पिकअप सड़क से नीचे उतरकर पलट गया।
पुलिस के अनुसार, टक्कर के बाद बाइक चालक शुभम पिकअप वाहन के नीचे दब गया था। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। सूचना मिलने पर एंबुलेंस की मदद से चारों को सरकारी अस्पताल बदनावर पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाने पहुंचाया है। कानवन थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
धार की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने बताया कि हादसे में हादसे में बाइक चला रहे शुभम (20) पुत्र भारत मेडा, निवासी पांदा और उसके साथ बैठी उसकी तीन चचेरी बहनों भूरी उर्फ अक्षरा (14), आनंदी (16) और सुहाना (12) की मौत हो गई। तीनों किशोरियां भी पांदा की रहने वाली थीं।
उन्होंने बताया कि शुभम और उसकी तीनों बहनें एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर ग्राम पांदा से राजोद थाना क्षेत्र के कोटेश्वर के आगे स्थित एक गांव में अपनी बहन के यहां रात्रि जागरण में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बड़वाल की तरफ से आ रही पिकअप से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर