सच्ची साझेदारी के लिए सिर्फ समझौते ही नहीं, अपनत्व और विश्वास भी महत्वपूर्ण: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 


- मप्र के मुख्यमंत्री ने लैटिन अमेरिका और कैरेबियाई देशों के राजदूतों को बताए प्रदेश में निवेश के सुअवसर

भोपाल, 06 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसी भी सच्ची साझेदारी की बुनियाद अपनत्व और विश्वास पर निर्भर करती है। सिर्फ साझेदारी पर ही समझौते नहीं होते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को इंदौर में आयोजित इंडिया–लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट फोरम 2026 में लैटिन अमेरिका और कैरेबियाई राजदूतों से वन-टू-वन चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान राजदूतों को प्रदेश में निवेश के सुअवसरों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि अब मध्य प्रदेश में निर्मित फार्मास्युटिकल, इंजीनियरिंग, आई.टी., टेक्सटाईल एवं खाद्य उत्पादों के व्यवसाय एवं कृषि में दोनों पक्षों की ओर से नवीन अवसरों को तलाशा जा सकता हैं। साथ ही रिन्युएबल एनर्जी एवं रिन्युएबल एनर्जी उत्पादों के निर्माण में भी मध्य प्रदेश बड़े स्तर की परियोजनाएं संचालित कर रहा है। वहीं मध्य प्रदेश की निवेश प्रोत्साहन नीति भारत की सबसे अच्छी नीतियों में शामिल है> यदि लेटिन अमेरिका से यहाँ पर निवेश किया जाता है तो उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर भारत के घरेलू बाजार एवं अन्य देशों में निर्यात के अवसर देखे जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत के मध्य में स्थित होने के कारण मध्य प्रदेश की भौगोलिक स्थिति भारतीय बाजार में व्यवसाय करने हेतु अत्यन्त उपयुक्त है। इसके अलावा मध्य प्रदेश टूरिज्म की दृष्टि से भी भारत का एक महत्वपूर्ण राज्य है। प्रदेश में 24 सेंचुरीज, 12 नेशनल पार्क, 7 टाइगर रिज़र्व एवं 14 यूनेस्को वर्ल्ड हैरिटेज साईट है। वर्तमान में केन्द्र एवं राज्य सरकार मध्य प्रदेश में इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास हेतु लगातार निवेश कर रही है। मध्य प्रदेश में कुशल मैन पॉवर की उपलब्धता भी प्रचुर मात्रा में है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उरुग्वे, क्यूबा, पनामा, मेक्सिको, सूरीनाम, अर्जेंटीना, ब्राजील,पेरू के राजदूतों को मप्र में निवेश करने का सबसे अच्छा समय बताया। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजनायिकों से कहा कि जनवरी 2027 में प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक समिट जी.आई.एस.-2027 एवं महाकाल की नगरी उज्जैन में सिंहस्थ-2028 आयोजित हो रहा है, जिसमें आप सभी सादर आमंत्रित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से भी चर्चा की और उनसे मध्यप्रदेश के विकास में सहभागी करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने इंदौर और पीथमपुर का विशेष ज़िक्र करते हुए कहा कि ये दोनों ही क्षेत्र आज फार्मास्यूटिकल्स का ग्लोबल हब बन चुके हैं। यहां निर्मित दवाएं ब्राजील, पेरू और चिली जैसे बड़े अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच रही हैं, जिससे प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और गुणवत्ता को वैश्विक मान्यता मिल रही है। ब्राजील की औद्योगिक जरूरतों के लिए मध्य प्रदेश सबसे भरोसेमंद और सप्लाई चेन पार्टनर की भूमिका निभा सकता है। पेरू के साथ इंजीनियरिंग मशीनों की सप्लाई के लिए मध्य प्रदेश एक भरोसेमंद पार्टनर बन सकता है। हम क्यूबा के विश्व प्रसिद्ध बायोटेक एवं फार्मा अनुसंधान के साथ मिलकर चिकित्सा क्षेत्र में नए नवाचार करने के लिए पूरी तरह तत्पर हैं। ब्राज़ील, मेक्सिको, चिली, डोमिनिकन रिपब्लिक, अर्जेंटीना, पेरू और कोलंबिया के साथ मध्य प्रदेश का निरंतर बढ़ता व्यापार हमारे अटूट भरोसे का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फोरम के सदस्य देशों के व्यापार प्रतिनिधियों से कहा कि आप सब आजादी के अमृतकाल में मध्य प्रदेश पधारे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। संकल्प को साकार करने में वैश्विक व्यापार और रणनीतिक साझेदारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि कृषि और खाद्य प्रसंस्करण से लेकर उन्नत स्वास्थ्य सेवा, फार्मा, आईटी, डिजिटल टेक्नोलॉजी, हरित और स्वच्छ ऊर्जा, खनन और लॉजिस्टिक्स तक ऐसे अनेक क्षेत्र हैं, जहां हम मिलकर एक इतिहास रच सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमें क्रेता-विक्रेता, आयातक-निर्यातक से बढ़कर साझेदार की भूमिका निभानी है। हम संयुक्त उद्यमों की स्थापना करें, उन्नत प्रौद्योगिकी का हस्तांतरण करें और परस्पर कौशल विकास तथा निवेश सहयोग को एक नई गति प्रदान करें।

उन्होंने कहा कि ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग उत्पाद और मजबूत इंडस्ट्रियल पैकेजिंग (जंबो बैग्स/एफआईबीसी) हमारे निर्यात की प्रमुख रीढ़ हैं। मैक्सिको में चल रहे 'ऑटो नियरशोरिंग' के इस दौर में और ब्राज़ील की औद्योगिक आवश्यकताओं के लिए मध्य प्रदेश सबसे भरोसेमंद और प्रतिस्पर्धी सप्लाई चेन पार्टनर की भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि हमारा इंदौर आज देश के सबसे तेजी से बढ़ते आईटी और स्टार्ट-अप हब्स में से एक है। मैक्सिको के आईटी इको सिस्टम, डोमिनिकन गणराज्य के पर्यटन-टेक और इक्वाडोर के उभरते फिनटेक परिदृश्य के लिए हमारे पास कुशल और नवाचारी युवा उपलब्ध हैं, जो आपकी वैश्विक मांगों की पूर्ति करेंगे।

उन्होंने कहा कि खेती-किसानी भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और आपकी भी अर्थव्यवस्था का प्रमुख स्तंभ है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश, भारत का फूड बास्केट बन रहा है। कृषि से संबंधित क्षेत्रों और फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में मध्यप्रदेश, देश की ताकत बन रहा है। मध्य प्रदेश, अर्जेंटीना और ग्वाटेमाला की मजबूत कृषि और खाद्य प्रसंस्करण तकनीकों के साथ समन्वय कर वैश्विक खाद्य सुरक्षा की दिशा में हम वृहद स्तर पर एक प्रयास कर सकते हैं। ह

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत-लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन व्यापार एवं निवेश मंच में हो रहा मंथन दोनों क्षेत्रों के आर्थिक संबंधों को एक नई दिशा देगा। इस मंच से निकलने वाले सार्थक सुझावों और अमृत संदेशों को राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता, क्षमता और दक्षता के साथ आत्मसात कर धरातल पर उतारेगी, जिससे मध्य प्रदेश वैश्विक व्यापार और निवेश के मानचित्र पर और अधिक मजबूती से उभरेगा।

कार्यक्रम में भारत में उरुग्वे के राजदूत अल्बर्टो गुआनी, क्यूबा के राजदूत जुआन कार्लोस मार्सान, एलसाल्वाडोर के राजदूत गुइलेर्मो रूबियो फुनेस, पनामा के राजदूत अलोंसोकोरे, गुयाना के उच्चायुक्त धरम कुमार सीराज, पेरू के राजदूत जेवियर पॉलिनिक, ग्वाटेमाला के राजदूत ओमार कास्तानेदा, भारत में मैक्सिको के महावाणिज्यदूत एडोल्फो गार्सिया मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर