समाज को मार्गदर्शन देने का काम करते हैं संत : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- मुख्यमंत्री ने इंदौर में दिगम्बर जैन संत मुनि सुधासागर महाराज का आशीर्वाद लिया
भोपाल, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संत दर्शन से हमारे भाग्य का उदय होता है। समाज को मार्गदर्शन देने का कार्य संत करते है। जनकल्याणकारी कार्यों और जनसेवा के दायित्वों का निर्वहन करते हुए संतों का सानिध्य हमें संबल और प्रेरणा प्रदान करता है। जीवन और शासन के कार्यों में संतों का आशीर्वाद हमें निरंतर सद्कार्य करने की शक्ति देता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार देर शाम इंदौर प्रवास के दौरान क्लर्क कॉलोनी स्थित दिगम्बर जैन मंदिर इंदौर में जैन मुनि सुधाकर सागर के सानिध्य में आयोजित जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज का दिन मेरे लिये परम सौभाग्य का है क्योकि मुझे संतों की वाणी सुनने को मिल रही है। इससे शब्द ही नहीं काया भी पवित्र होती है। भगवान महावीर स्वामी के बताए मार्ग पर चलकर जैन समाज काफी समृद्ध हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जैन संत मुनि सुधाकर महाराज मनुष्यों को सदकर्मो की शिक्षा देकर उन्हें संस्कारित कर रहे है। मनुष्य निर्माण का यह कार्य अभिनंदनीय है। हमारा समाज व्यसन से बचे और अच्छे कार्यों में लगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दूध का उत्पादन बढ़ाने के लिये लगातार कार्य कर रही है। गौपालन को बढ़ावा देने के साथ गौपालक को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंन कहा कि प्रदेश में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देने के लिये प्रदेश भर में आयुर्वेद कॉलेज और चिकित्सालयों की संख्या में वृद्धि की जा रही है।
कार्यक्रम में संत जैन सुधासागर महाराज ने कहा भारत ऐसा देश है जहां सभी धर्म और सम्प्रदायों का सम्मान किया जाता है और घर-घर में गौपालन होते है। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जैन संत मुनि का आशीर्वाद प्राप्त किया। जैन संत मुनि ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को अभिमंत्रित कलश भेंट किया। कार्यक्रम में विधायक रमेश मेंदोला, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, सुमित मिश्र, श्रवण सिंह चावड़ा, हरिनारायण यादव सहित जैन संत मुनि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने श्रीमद् विजय नित्यसेनसूरीश्वरजी महाराज से भेंट कर प्राप्त किया आशीर्वाद
इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को इंदौर में श्रीमद् विजय नित्यसेनसूरीश्वरजी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद गुरुवर एवं संत समाज के आशीर्वाद से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सरकार ने सामाजिक अनुशासन और जनहित को ध्यान में रखते हुए खुले में मांस विक्रय पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही खाद्य सुरक्षा के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता, मर्यादा और सामाजिक व्यवस्था बनी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गौपालन, प्राकृतिक खेती और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसके साथ ही धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए गीता भवन जैसे संस्थानों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत की विशेषता उसकी सर्वधर्म सद्भाव की भावना है। दुनिया के अनेक देश एक धर्म की विचारधारा के आधार पर संचालित होते हैं, जबकि भारत ऐसा देश है जो सभी धर्मों, विचारों और परंपराओं का सम्मान करता है। विभिन्न विचारधाराओं से निकलने वाले अमृतमय विचारों को आत्मसात करना ही भारतीय संस्कृति की विशेषता है।
मुख्यमंत्री ने श्रीमद् विजय नित्यसेनसूरीश्वरजी
मुख्यमंत्री ने महाराज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद प्रदेश सरकार को निरंतर मिलता रहे, ताकि सरकार जनकल्याण और समाजहित के कार्यों को और अधिक गति से आगे बढ़ा सके। उन्होंने इंदौर श्रीसंघ का भी अभिनंदन किया तथा परम पूज्य गुरुवर के चरणों में पुनः वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने अनुष्ठान आराधिका महासती साध्वी कुमुदलता से लिया आशीर्वाद
इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार देर शाम अपने इंदौर प्रवास के दौरान स्थानीय नृसिंह वाटिका पहुंचकर अनुष्ठान आराधिका महासती साध्वी कुमुदलता से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने साध्वी श्री का अभिवादन कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने साध्वी श्री के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा में संत-महात्माओं तथा आध्यात्मिक गुरुओं का सदैव विशिष्ट स्थान रहा है। संतों का सान्निध्य एवं उनका मार्गदर्शन समाज को नैतिक मूल्यों, सदाचार, सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उनके विचार एवं उपदेश व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ ही समाज में प्रेम, शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करते हैं। संत-महात्माओं के मार्गदर्शन से समाज में मानवीय संवेदनाओं, परोपकार और सेवा भावना को भी प्रोत्साहन मिलता है।
इस अवसर पर श्री श्वेताम्बर जैन श्रावक संघ के ट्रस्टियों द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आत्मीय स्वागत किया गया। ट्रस्टियों ने उन्हें साफा पहनाकर एवं स्मृति चिह्न तथा नवकार मंत्र भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर नगरीय आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला व अनिल जैन सहित जैन समाज के अनेक गणमान्यजन एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर