प्रधानमंत्री के तीन मंत्र- देखो अपना देश, वोकल फॉर लोकल और ट्रिपल टी ने भारत के पर्यटन को दी नई दिशाः मोहन यादव

 






‘मुखयमंत्री ने किया मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट ; 2026’ के 7वें संस्करण का शुभारंभ, बोले- देखो पूरा देश, पर सबसे पहले मप्र

ग्वालियर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक देश की अर्थव्यवस्था को तीन ट्रिलियन तक ले जाने का जो लक्ष्य रखा है, टूरिज्म उसका एक बहुत बड़ा पार्ट है। प्रधानमंत्री मोदी के तीन मंत्रों - देखो अपना देश, वोकल फॉर लोकल और ट्रिपल टी यानी टेक्नोलॉजी, ट्रेड और टूरिज्म ने भारत के पर्यटन को नई दिशा दे दी है।

मुख्यमंत्री डॉ यादव बुधवार देर शाम प्रदेश के पर्यटन विकास, पर्यटकों की संख्या में ऐतिहासिक वृद्धि और टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों व होम-स्टे संचालकों जैसे हितग्राहियों को व्यावसायिक गतिविधियों के लिए एक वैश्विक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में ‘मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026’ के 7वें संस्करण का शुभारंभ करने के बाद उपस्थित निवेशकों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में पर्यटकों की संख्या और संभावनाएं दोनों बढ़ रही है क्योंकि पर्यटन अब सिर्फ़ घूमने-फिरने और प्रकृति को एक्सप्लोर करने का ही विषय नहीं रहा, यह हमारी कला-संस्कृति के प्रसार, रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास का माध्यम बन चुका है। उन्होंने प्रदेश के नागरिकों से कहा कि पर्यटन के लिए पूरे देश में अनेक स्थल हैं, लेकिन जब भी पर्यटन के लिए निकलें, तो सबसे पहले अपने मध्य प्रदेश को ही चुनें।

टूरिज्म अब सिर्फ़ फीलिंग का ही नहीं, हार्ट हीलिंग का भी जरिया बन गया है

मुख्यमंत्री ने कहा कि टूरिज्म अब सिर्फ़ फीलिंग को शेयर करने का ही नहीं, हार्ट हीलिंग का भी जरिया बन गया है। अब टूरिस्ट ऐसे ट्रैवल डेस्टिनेशन पर जाना पसंद करता है, जहां सुंदर और शांत वातावरण हो। ट्रैकिंग और एडवेंचर के साथ वेलनेस ओर स्पिरिचुअल टूरिज्म भी अब तेजी से ट्रेंड कर रहा है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में 17 सितम्बर 2022 से चीता पुनर्स्थापना के बाद वन पर्यटन बढ़ा है। टेक्नोलॉजी अब पर्यटन का अंग बन चुकी है। हमने 20 चीते लाकर यहां काम शुरू किया था। इनकी संख्या बढ़कर अब 60 हो गई है। मध्य प्रदेश में वीरांगना रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व चीतों का तीसरा आश्रय स्थल बन गया है। मध्य प्रदेश में पर्यटन के विकास के लिए तेजी से काम हो रहे हैं, यही कारण है कि हमारा मध्य प्रदेश पर्यटन के मामले में नए-नए रिकार्ड बना रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में प्रदेश में 21 करोड़ से अधिक पर्यटक आए, जो वर्ष 2024 की तुलना में 57 प्रतिशत अधिक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आध्यात्मिक और वन्य जीव पर्यटन अब मध्य प्रदेश की पहचान बन चुका है। प्रकृति प्रेमियों के लिए तो मध्य प्रदेश स्वर्ग है। हमारे 12 नेशनल पार्क और 9 टाइगर रिजर्व जैव विविधता से भरा हुआ खजाना हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देश के दूर-दराज से आए अतिथियों, टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स, पर्यट न जगत के प्रतिनिधियों और निवेशकों का मध्य प्रदेश की धरती पर स्वागत करते हुए कहा कि आप कुछ दिन तो हमारे मध्य प्रदेश में गुजारिये, आप इसे भूल नहीं पाएंगे क्योंकि जो भी एक बार यहां आता है, वह हमारा ही हो जाता है। इसलिए एक बार मध्य प्रदेश घूमने का अनुभव जरूर लें।

कार्यक्रम को प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल और फिक्की मध्य प्रदेश और आईटो के चेयरमैन महेंद्र प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया। पर्यटन विभाग के सचिव एवं पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया, वही मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक दिलीप कुमार यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

छह महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों का हुआ आदान-प्रदान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड और विभिन्न संस्थाओं के बीच छह महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ। इनमें ग्रामीण पर्यटन, साहसिक पर्यटन, मोटरस्पोर्ट्स, फिल्म एवं कंटेंट निर्माण, एआई आधारित डिजिटल पर्यटन तथा वन्यजीव पर्यटन जैसे विविध क्षेत्रों में सहयोग शामिल है।

एक्सप्लर्गर के साथ एआई आधारित डिजिटल पर्यटन एवं पर्यटक अनुभव को सुदृढ़ करने के लिए सहयोग किया गया। इसके तहत एआई एजेंट के माध्यम से चयनित गंतव्यों पर बहुभाषी डिजिटल सहायता, पर्यटक मार्गदर्शन एवं स्टोरीटेलिंग उपलब्ध कराने के साथ 100 पर्यटन गंतव्यों पर चरणबद्ध रूप से 1,000 क्यूआर बोर्ड स्थापित किए जाएंगे। इस अवसर पर एक्सप्लर्गर के निदेशक जितेन भाटिया उपस्थित रहे।

वहीं राजसन होटल्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ बांधवगढ़, सतपुड़ा एवं कान्हा टाइगर रिजर्व में प्रस्तावित वन्यजीव पर्यटन परियोजनाओं के विकास के लिए समझौता हुआ, जिसमें ₹520 करोड़ के संभावित निवेश और 375 प्रत्यक्ष रोजगार सृजन की संभावना है। इस अवसर पर कंपनी के निदेशक विनोद सिंह राजपुरोहित उपस्थित रहे।

ग्राम स्टे–कनेक्टिंग विलेजेज ऑफ इंडिया के साथ ग्रामीण पर्यटन, डिजिटल दृश्यता एवं होमस्टे की ऑनलाइन बुकिंग को बढ़ावा देने के लिए समझौता हुआ, जिसमें संस्थापक एवं सीईओ परीक्षित सिंह उपस्थित रहे।

टीवीएफ तथा केआरएकेआरके फैमिली ऑफिस एवं प्रमोटर ग्रुप के साथ फिल्म निर्माण, कौशल विकास, कंटेंट निर्माण एवं फिल्म पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए समझौता हुआ, जिसमें निदेशक अर्णव उपस्थित रहे।

एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एटीओएआई) के साथ साहसिक पर्यटन के विकास एवं सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने पर सहयोग किया गया; इस अवसर पर पद्मश्री एवं एटीओएआई के पूर्व अध्यक्ष अजीत बजाज उपस्थित रहे। नेट्रैक्स के साथ मोटरस्पोर्ट्स एवं साहसिक पर्यटन के विकास तथा पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के लिए समझौता हुआ, जिसमें निदेशक डॉ. मनीष जायसवाल उपस्थित रहे।

पर्यटन परियोजाओं की स्थापना के लिए लेटर ऑफ अवार्ड किए गए प्रदान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में प्रदेश में पर्यटन परियोजाओं की स्थापना के लिए लेटर ऑफ अवार्ड प्रदान किए गए। मेसर्स पालिया कंस्ट्रक्शन, ग्वालियर के पार्टनर श्री अनूप शर्मा को ग्राम ओरछा, जिला निवाड़ी में ₹50 करोड़ के प्रस्तावित निवेश से रिसॉर्ट परियोजना स्थापित करने के लिए एलओए प्रदान किया गया। वीरेंद्र जादौन को लक्ष्मीपुर पैलेस , जिला पन्ना में ₹10 करोड़ के प्रस्तावित निवेश से हेरिटेज होटल परियोजना स्थापित करने के लिए एलओए प्रदान किया गया।

एमपी टूरिज्म की बहुभाषी वेबसाइट और डिजिटल 'एमपी ट्रैवल हैंडबुक' का लोकार्पण

वैश्विक पर्यटकों को अधिक सुगमता और आधुनिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से पर्यटन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट (www.mptourism.com) के बहुभाषी संस्करण का लोकार्पण किया गया, जिसमें अंग्रेजी और हिंदी के अलावा जर्मन, स्पैनिश, फ्रेंच और जापानी भाषाओं को शामिल किया गया है। इसके साथ ही, 'टेलमी डिजीइन्फोटेक' के सहयोग से विकसित 'एमपी ट्रैवल हैंडबुक' (डायनेमिक डिजिटल कॉफी टेबल बुक) का भी शुभारंभ हुआ, जिसमें 360-डिग्री व्यू, एआई स्टोरीटेलिंग, वीआर (वर्चुअल रियलिटी) लिंक्स और ऑडियो नरेशन जैसी अत्याधुनिक डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

अमृतस्य मध्य प्रदेश से बिखेरी संस्कृति की झलक

कोरियोग्राफर मैत्रेयी पहाड़ी के निर्देशन में 100 से अधिक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक नृत्य नाटिका 'अमृतस्य मध्यप्रदेश' ने अपनी अलौकिक प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। इस भव्य प्रस्तुति ने 'ओम' की गूँज के साथ शुरू होकर भीमबेटका, सांची, खजुराहो, ग्वालियर और ओरछा की ऐतिहासिक धरोहरों से होते हुए मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक और वस्त्र परंपराओं को जीवंत किया।

इसमें राज्य के वन्यजीवों, उज्जैन के सांदीपनि आश्रम, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर और पावन नर्मदा के आध्यात्मिक वैभव को बेहद सुंदर ढंग से प्रदर्शित किया गया।अंत में मां नर्मदा जी की आरती और वर्ष 2028 के सिंहस्थ कुंभ के दिव्य दृश्यों के साथ यह संपूर्ण कलात्मक यात्रा भारतीय शास्त्रीय और लोक परंपराओं को पिरोते हुए पूर्णता को प्राप्त हुई।

विदेशी टूर ऑपरेटर्स के अनुभव आधारित वीडियो हुए लॉन्च

प्रदेश में फैम टूर पर आए विदेशी टूर ऑपरेटर्स के अनुभव आधारित वीडियो का प्रसारण किया गया जिनमें उन्होंने मध्य प्रदेश की सुंदरता, होमस्टे और वन्यजीवों के अपने अनूठे अनुभवों को साझा किया। इन वीडियो के माध्यम से राज्य के पर्यटन स्थलों की मनमोहक झलक और मेहमाननवाज़ी को प्रस्तुत किया गया।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर