व्यापार वाणिज्य और उद्योग के क्षेत्र में भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है : मोहन यादव

 


- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पहुंचे यूएई, बोले- उनकी यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों को मिलेगी मजबूती

भोपाल, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि व्यापार वाणिज्य और उद्योग के क्षेत्र में भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। मध्य प्रदेश कदम से कदम मिलाकर इस क्षेत्र में कार्य करेगा। वैश्विक स्तर पर निवेश की संभावनाओं को साकार करने के लिए मैं मध्य प्रदेश से यूएई के दौरे पर आया हूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आर्थिक शक्ति बन रहा है। उनकी यूएई यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को यूएई पहुंचने पर मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत जिस तरह दुनिया के देशों के साथ अपने संबंधों को प्रगाढ़ कर तेज गति से आगे बढ़ रहा है। हमारा देश एक पारदर्शी, सरलीकृत व्यवस्था के साथ शुचिता के बल पर व्यापार और वाणिज्य क्षेत्र में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। राज्यों के बीच भी स्वस्थ प्रतिस्पर्धा है। यह स्वर्णिम काल है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विभिन्न देशों के साथ व्यापार, वाणिज्य की गतिविधियों में वृद्धि हुई है। निवेश के प्रयासों में मध्य प्रदेश भी कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। आज मध्य प्रदेश का निर्यात लगातार बढ़ रहा है। पिछले एक वर्ष में ही 76 हजार करोड़ रुपये का निर्यात मध्य प्रदेश से हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि लॉजिस्टिक्स, माइनिंग, एग्रीकल्चर, रियल एस्टेट सहित हर क्षेत्र में निवेश आए, व्यापार बढ़े और प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हों। निश्चित ही यूएई और मध्य प्रदेश के बीच व्यापारिक संबंधों को नई ऊंचाई मिलेगी और निवेशक मध्य प्रदेश की विकास यात्रा में भागीदार बनेंगे।

मुख्यमंत्री दुबई में वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे मप्र की विकास और निवेश संभावनाएं

जनसम्पर्क अधिकारी संजय दुबे ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव 09 सितंबर 2026 तक संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल दुबई में एआईएम कांग्रेस-2026 में सहभागिता करेगा। मुख्यमंत्री दुबई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित एआईएम कांग्रेस-2026 में मध्य प्रदेश की निवेश क्षमता, औद्योगिक आधार और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों को वैश्विक उद्योग जगत के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। यात्रा के दौरान ‘इन्वेस्ट मध्य प्रदेश' विषय पर विशेष सत्र भी प्रस्तावित है, जिसमें मुख्यमंत्री राज्य के निवेश-अनुकूल वातावरण और औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डालेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश भारत के तेजी से उभरते औद्योगिक और निवेश गंतव्यों में अपनी सशक्त पहचान बना रहा है। राज्य में उपलब्ध संसाधन, बेहतर आधारभूत संरचना, उद्योग-अनुकूल वातावरण और निवेशकों के लिए विकसित सुविधाएं प्रदेश को निवेश के लिए आकर्षक बनाती हैं। हमारा प्रयास है कि वैश्विक निवेशकों के साथ मजबूत साझेदारी स्थापित कर मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने कहा कि दुबई यात्रा मध्य प्रदेश और संयुक्त अरब अमीरात के बीच आर्थिक एवं औद्योगिक सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने का अवसर प्रदान करेगी। वैश्विक निवेशकों और उद्योग समूहों के साथ होने वाली बैठकें प्रदेश में नए निवेश और रोजगार के अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उनकी यात्रा का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य जनवरी 2027 में भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संपर्क एवं सहभागिता को बढ़ावा देना भी है। यात्रा में संयुक्त अरब अमीरात सरकार को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में पार्टनर कंट्री के रूप में आमंत्रित करने के प्रयास किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस के उद्घाटन समारोह, वैश्विक नेतृत्व से जुड़े कार्यक्रमों तथा विभिन्न निवेश और व्यावसायिक बैठकों में सहभागिता करेंगे। वे मध्य प्रदेश मंडप का अवलोकन भी करेंगे और वैश्विक कॉर्पोरेट समूहों के साथ वन-टू-वन बैठकों में मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। दुबई यात्रा के दौरान सरकारी एवं व्यावसायिक स्तर की बैठकों के साथ राष्ट्र प्रमुख और संस्थागत निवेशकों के साथ राउंड टेबल बैठक भी प्रस्तावित है। इन बैठकों में मध्य प्रदेश में निवेश की नई संभावनाओं तथा दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी पर चर्चा की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मेजबानी में बिजनेस लीडर्स लंच तथा निवेशकों के साथ संवाद कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। 8 सितंबर को 'इन्वेस्ट मध्य प्रदेश : इंटरएक्टिव सेशन' के माध्यम से चुनिंदा वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। इस दौरान मध्य प्रदेश की औद्योगिक नीतियों, निवेश-अनुकूल वातावरण और विभिन्न उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार का लक्ष्य केवल निवेश आकर्षित करना ही नहीं, बल्कि निवेशकों के साथ दीर्घकालिक और भरोसेमंद साझेदारी स्थापित करना है। प्रदेश में निवेश के माध्यम से उद्योगों के विस्तार, रोजगार सृजन और समावेशी आर्थिक विकास को गति देने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर