मप्र के मुख्यमंत्री ने मुम्बई में वस्त्र, उच्च शिक्षा, उर्वरक व फार्मा क्षेत्र के उद्योगपतियों से की वन टू वन चर्चा
- भोपाल में जनवरी 2027 में होने वाली जीआईएस के लिए उद्योपतियों को किया आमंत्रित
भोपाल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में औद्योगिक निवेश का विस्तार करने और विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों को प्रदेश में नई इकाइयां स्थापित करने के लिए आमंत्रित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुंबई में उद्योगपतियों के साथ वन टू वन बैठकें कीं। इंडिया केम 2026 के अवसर पर हुई इन बैठकों में वस्त्र, उच्च शिक्षा, रसायन एवं उर्वरक तथा फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उद्योगपतियों को मध्य प्रदेश में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि राज्य सरकार उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप सहयोग और निवेश प्रोत्साहन नीतियों का लाभ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में उद्योग स्थापित करने और मौजूदा इकाइयों के विस्तार के लिए निवेशकों को आवश्यक सहयोग देने पर भी चर्चा हुई। उन्होंने सभी निवेशकों को जनवरी 2027 में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) के लिए आमंत्रित भी किया।
उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप निवेश के अवसरों पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने भीलोस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रमेशचंद्र तेजराज जैन से वस्त्र उद्योग में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। बैठक में धार स्थित पीएम मित्र पार्क में वस्त्र निर्माण से जुड़ी परियोजना तथा भैसोला औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित औद्योगिक निवेश पर विचार-विमर्श हुआ। कंपनी की योजना के अनुसार, दोनों परियोजनाओं में कुल लगभग 7,500 करोड़ रुपये का निवेश और करीब 3,750 रोजगार के अवसर प्रस्तावित हैं। वस्त्र निर्माण, पॉलिएस्टर यार्न और फाइबर आधारित उद्योगों के विस्तार के साथ सहायक इकाइयों के विकास की संभावनाएं भी इस चर्चा का महत्वपूर्ण पक्ष रहीं।
सितारे यूनिवर्सिटी के संस्थापक डॉ. अमित सिंघल के साथ बैठक में उच्च शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में संस्थागत निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। देवास के निकट लगभग 40 एकड़ भूमि पर एआई एवं कंप्यूटर साइंस केंद्रित आवासीय विश्वविद्यालय परिसर स्थापित करने की योजना प्रस्तावित है। इस पहल का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले संस्थान का विकास करना है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में शिक्षा एवं तकनीकी क्षेत्र की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए संवाद किया।
मध्य भारत फॉस्फेट प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक पुनीत गोपीकिशन मखारिया के साथ बैठक में उर्वरक निर्माण और रसायन उद्योग में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की गई। कंपनी की मेघनगर में लगभग 350 करोड़ रुपये की एकीकृत उर्वरक परियोजना प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त, पूर्वी मध्यप्रदेश में लगभग 700 करोड़ रुपये के निवेश से नई इकाई स्थापित करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। प्रस्तावित परियोजना के लिए उपयुक्त भूमि, परिवहन संपर्क और औद्योगिक अधोसंरचना जैसे विषय महत्वपूर्ण हैं। बैठक में परियोजना के विस्तार और निवेश के लिए राज्य स्तर पर आवश्यक सहयोग से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
ल्यूपिन लिमिटेड के प्रतिनिधि केआर गुप्ता के साथ मुख्यमंत्री ने फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र में निवेश और औषधि निर्माण से जुड़ी संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। कंपनी की मध्य प्रदेश में मंडीदीप और पीथमपुर में औद्योगिक उपस्थिति है। उपलब्ध प्रस्ताव के अनुसार, कंपनी लगभग 350 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश की संभावनाओं पर काम कर रही है। बैठक में बल्क ड्रग परियोजना के लिए उपयुक्त भूमि की उपलब्धता तथा प्रदेश में फार्मास्यूटिकल्स विनिर्माण के विस्तार से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उद्योगपतियों को मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं का लाभ लेने के लिए आमंत्रित किया। राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन नीतियों, औद्योगिक अधोसंरचना और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप सहयोग के माध्यम से प्रदेश में विनिर्माण, तकनीकी शिक्षा और रोजगार के अवसरों के विस्तार पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुंबई में इंडिया केम-2026 के आयोजन में मध्य प्रदेश में उद्योग और निवेश की संभावनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई एवं आयुक्त चंद्रमौली शुक्ला भी उपस्थित थे।
एमपीआईडीसी द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में मध्य प्रदेश की नई औद्योगिक नीतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इंडिया केम-2026 के आयोजन में आए प्रतिभागियों ने इस प्रदर्शनी को रुचि से देखा। उद्योग विभाग के अधिकारियों ने उन्हें आवश्यक जानकारी प्रदान की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर