प्रधानमंत्री के रूप में मोदी का कार्यकाल मध्य प्रदेश के लिए स्वर्णिम युग : मुख्यमंत्री डॉ यादव
- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मप्र के स्थापना दिवस पर शुभकामना संदेश के लिए माना प्रधानमंत्री का आभार
भोपाल, 01 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर प्राप्त शुभकामना संदेश से मन हर्षित है। प्रधानमंत्री के रूप में मोदी का कार्यकाल मध्य प्रदेश के लिए निश्चित ही स्वर्णिम युग रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस (01 नवंबर) के शुभ अवसर पर प्रदेशवासियों को प्रेषित शुभकामना संदेश के लिए अंतर्मन से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश के प्रत्येक वर्ग तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचा है। पीएम गति शक्ति, वंदे भारत, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक कॉरिडोर, मेट्रो रेल एवं आधुनिक एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से प्रदेश का अधोसंरचनात्मक विकास नई ऊंचाइयां छू रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश नक्सलवाद से मुक्त हुआ है। नदी जोड़ो परियोजनाओं से सिंचाई क्षमता का विस्तार, श्री महाकाल लोक एवं एकात्म धाम से सांस्कृतिक विरासत का संवर्धन और चीतों के संरक्षण के प्रयास प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रहे हैं। नि:शुल्क खाद्यान्न सुरक्षा, समान नागरिक सहिंता, नारी शक्ति वंदन, निवेश को प्रोत्साहन देने वाली नीतियां और वर्ष 2028 के सिंहस्थ की तैयारियां प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश की प्रगति के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 'वी विल डू इट' और 'सप्तधारा' जैसे मंत्र देकर देश और प्रदेश की सामूहिक शक्ति को जागृत किया है। प्रधानमंत्री के इस मंत्र को अपना मिशन बनाकर हम विकसित भारत के लिए विकसित मध्य प्रदेश बनाएंगे।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं है। उन्होंने मध्य प्रदेश की गौरवशाली विरासत, समृद्ध संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों ने अपनी प्रतिभा और उद्यमशीलता से हर क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मध्य प्रदेश विश्वविख्यात धरोहर स्थलों के कारण अपनी ऐतिहासिक पहचान को और भव्य बनाता है। कृषि, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और इनोवेशन के क्षेत्र में प्रदेश लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश अपने सर्वांगीण विकास के साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कामना की कि स्थापना दिवस का यह विशेष अवसर राज्य के लोगों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर