मप्र के मुख्यमंत्री ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री पाटिल से की मुलाकात, सिंहस्थ के सफल आयोजन के लिए मांगा सहयोग
भोपाल, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को नई दिल्ली प्रवास के दौरान एयरपोर्ट पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगामी सिंहस्थ-2028 के सफल आयोजन के दृष्टिगत केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से विभागीय सहयोग के लिये आग्रह किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर उक्त जानकारी साझा करते हुए कहा कि आज नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री पाटिल से मुलाकात के दौरान सिंहस्थ-2028 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और बेहतर जल प्रबंधन में केंद्र सरकार के सहयोग हेतु अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।
केन्द्रीय मंत्री पाटिल ने सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता तथा जल प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने में केंद्र की ओर से पूर्ण सहयोग के लिये आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि उज्जैन में आगामी 2028 में होने वाले सिंहस्थ को भव्य और दिव्य बनाने में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का हरसंभव सहयोग करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर