मप्र के मुख्यमंत्री से मिले जीनानी कम्पनी के पदाधिकारी, आईटी सेक्टर में निवेश की जताई मंशा
भोपाल, 15 जून (हि.स.)। बेंगलुरू बेस्ड जीनानी डॉट एआई कम्पनी के पदाधिकारियों ने सोमवार को मध्य प्रदेश के प्रवास के दौरान भोपाल स्थित मंत्रालय पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मंत्रालय में सौजन्य भेंट की। कम्पनी पदाधिकारियों ने मध्य प्रदेश में (सूचना प्रौद्योगिकी आईटी) क्षेत्र (आईटी सेक्टर) में निवेश करने की मंशा व्यक्त की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कम्पनी पदाधिकारियों से कहा कि वे निवेश के संदर्भ में ठोस परियोजना प्रस्ताव और स्पष्ट रोडमैप लेकर आएं, सरकार कम्पनी की सभी प्रकार की मदद करेगी। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) नीरज मंडलोई, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव एम सेलवेंद्रम, जीनानी डॉट एआई कम्पनी के सह-संस्थापक एवं मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी अनंत नागाराज, कम्पनी के हेड ऑफ एआई ट्रांसफार्मेशन (पब्लिक सेक्टर) कर्नल आदिश वाबुमकर (रिटायर्ड) उपस्थित थे।
कम्पनी के पदाधिकारियों ने बताया कि मध्य प्रदेश में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) पर व्यापक संभावनाएं हैं। जीनानी डॉट एआई के विभिन्न मॉडलों को प्रदेश में कृषि, स्वास्य्व, वन, ग्रामीण विभाग और राजस्व विभागों में प्रभावी रूप से लागू कर दक्षता बढ़ाने और नागरिक सेवाओं में सुधार पर विस्तार से काम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि उनकी कम्पनी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तरों पर काम करती है, जिसमें शासकीय और निजी क्षेत्र शामिल हैं।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर