कालिदास की लेखनी ने भारतीय सांस्कृतिक चेतना को विश्व पटल पर कर दिया अमर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- उज्जैन में सात दिवसीय 68वें कालिदास समारोह का हुआ शुभारम्भ, मुख्यमंत्री ने वर्चुअली किया संबोधित
भोपाल, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महाकवि कालिदास का स्मरण ही आनंद देने वाला है। उनकी लेखनी ने भारतीय सांस्कृतिक चेतना को विश्व पटल पर अमर कर दिया है। अपने समय में कालिदास ने रंगमंच, कला और साहित्य सहित सभी विषयों पर अपनी लेखनी चलाई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार शाम को उत्तर प्रदेश के प्रवास के दौरान अयोध्या के एयरपोर्ट से उज्जैन में आयोजित सात दिवसीय कालिदास समारोह के उद्घाटन समारोह से वर्चुअली जुड़कर उपस्थित विद्वानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज 68वें कालिदास समारोह के शुभारंभ अवसर पर हम इस कालजयी विभूति का स्मरण कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कालिदास समारोह के संस्थापक पंडित सूर्य नारायण व्यास को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा बोया गया बीज आज विशाल वृक्ष बन चुका है। कालिदास के उदाहरण से हम यह समझ सकते हैं कि साधना, संकल्प, ज्ञान व समर्पण से व्यक्ति नई ऊंचाइयां हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि कला संस्कृति का सम्मान करने में मध्य प्रदेश महती भूमिका का निर्वहन कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कालिदास अलंकरण के लिए चुनी गई रंगकर्मी वाणी त्रिपाठी को बधाई दी।
मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में महाकवि कालिदास की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित सात दिवसीय 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह शनिवार शाम को कालिदास संस्कृत अकादमी स्थित पं. सूर्यनारायण व्यास संकुल हॉल में भव्य शुभारम्भ होगा। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा प्रसिद्ध रंगकर्मी वाणी त्रिपाठी टिक्कू को अखिल भारतीय कालिदास अलंकरण से सम्मानित किया गया। इसमें उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं पांच लाख रुपये का चेक भेंट किया गया।
समारोह में प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि उज्जैन भारतवर्ष की दार्शनिक व आध्यात्मिक परंपरा का प्रमुख केंद्र है। इस नगरी के महाकवि कालिदास ने साहित्य व दर्शन पर अपनी लेखनी चलाई है। राज्यमंत्री लोधी ने कहा कि कालिदास एक महर्षि व मनीषी थे। उन्होंने आत्मा के अनंत रहस्य का उद्घाटन करने का काम किया है। उनका साहित्य देव भाषा संस्कृत में लिखा गया है। उनकी साहित्य साधना प्रकृति व जीवन के बीच तादातम्य स्थापित करती है। कालिदास के द्वारा प्रतिपादित जीवन मूल्य उन्हें सार्वभौमिक बनाते हैं।
कालिदास समारोह के शुभारंभ अवसर पर राज्यसभा सांसद उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर, उपाध्यक्ष शिवानी कुवर, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, कालिदास समारोह की केंद्रीय समिति के रूप पमनानी, कालिदास संस्कृत अकादमी के निदेशक गोविंद गंधे, संचालक संस्कृति एनपी नामदेव, कुलगुरु अर्पित भारद्वाज, शिव शंकर मिश्रा, अतिथि अरुण रंजन मिश्रा, बालकृष्ण शर्मा, शैलेंद्र कुमार शर्मा, सहित बड़ी संख्या में प्रोफेसर, छात्र एवं रंगमंच के प्रतिनिधि मौजूद थे।
27 नवम्बर तक चलेगा कालिदास समारोह
68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह 27 नवंबर तक चलेगा। कालिदास संस्कृत अकादमी मध्यप्रदेश संस्कृत परिषद द्वारा आयोजित इस सात दिवसीय कालिदास समारोह में प्रतिदिन सायं 7:00 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। दिन में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन के तत्वाधान में सिंधिया प्राच्य विद्या शोध प्रतिष्ठान सभागार में विभिन्न शोध संगोष्ठियां आयोजित होंगी। इसी के साथ अंतर महाविद्यालय कालिदास संस्कृत काव्यपाठ प्रतियोगिता, संस्कृत वाद-विवाद प्रतियोगिता आदि का आयोजन होगा। इस अवसर पर प्राचीन मुद्राओं की प्रदर्शनी अश्विनी शोध संस्थान द्वारा सिंधिया प्राच्य संस्थान में लगाई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर