मप्र के मनोनीत मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अल्पेश कोगजे पहुंचे भोपाल, राज्यपाल से की सौजन्य भेंट

 




भोपाल, 09 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मनोनीत मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे बुधवार शाम को भोपाल पहुंचे। उन्होंने यहां लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल से सौजन्य भेंट की। राज्यपाल पटेल का उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर न्यायमूर्ति कोगजे की पत्नी अर्चना अल्पेश कोगजे उनके साथ थीं।

इससे पूर्व लोकभवन आगमन पर मनोनीत मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे का अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी भी उपस्थित थे।

न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे मध्य प्रदेश के 30वें मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए गए हैं। वह गुरुवार, 10 सितंबर को आधिकारिक तौर पर अपना पदभार ग्रहण करेंगे। वह कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस विवेक रूसिया का स्थान लेंगे।

न्यायमूर्ति कोगजे मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत होने से पहले वे गुजरात उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने 31 अगस्त 2026 को उनके नाम की सिफारिश की थी, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी के बाद केंद्र सरकार ने 5 सितंबर 2026 को अधिसूचित कर दिया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर