मप्र की राजधानी भोपाल में 15 जनवरी को होगा ‘आर्मी डे परेड–2027’ का आयोजन
- शौर्य संध्या, सैन्य उपकरणों की प्रदर्शनी और इंटीग्रेटेड कॉम्बैट डिस्प्ले होंगे प्रमुख आकर्षण
भोपाल, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 15 जनवरी, 2027 को भव्य ‘आर्मी डे परेड–2027’ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में शौर्य संध्या, सैन्य उपकरणों की प्रदर्शनी और इंटीग्रेटेड कॉम्बैट डिस्प्ले प्रमुख आकर्षण होंगे।
यह जानकारी सोमवार को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन की पूर्व तैयारियों को लेकर हुई विशेष बैठक में दी गई। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में एडीएम महेंद्र कवचे एवं भारतीय सेना के अधिकारियों की अध्यक्षता में यह बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। इसमें भारतीय सेना के कर्नल सुब्रत मिश्रा, कर्नल सनी जुनेजा, सम्बन्धित एसडीएम,अपर आयुक्त नगर निगम एवं अन्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में भारतीय सेना के सिविल इंजीनियर विशेषज्ञ पवन कुमार ने परेड मैदान को सेना के टैंक के वजन के अनुरूप भारतीय रोड कांग्रेस के मानक अनुसार बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी, नगर निगम एवं अन्य निर्माण एजेंसियों के साथ तकनीकी मानकों की विस्तृत चर्चा की।
इसमें बताया गया कि मध्य प्रदेश और राजधानी भोपाल के लिए आर्मी डे परेड की मेजबानी करना अत्यंत गौरव का अवसर है। यह आयोजन ‘आपकी सेना आपके पास’ की अवधारणा को साकार करने के साथ ही सैन्य और नागरिक तंत्र के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगा। एडीएम महेंद्र कवचे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन की गरिमा के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार समय-सीमा में पूर्ण की जाएं।
कालीबाड़ी मार्ग पर होगी मुख्य परेड
कर्नल सुब्रत मिश्रा ने आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि मुख्य ‘आर्मी डे परेड’ भेल स्थित कालीबाड़ी मार्ग पर आयोजित होगी। टीटी नगर स्टेडियम में देशभक्ति से ओत-प्रोत भव्य ‘शौर्य संध्या’ का आयोजन किया जाएगा। जंबूरी मैदान में भारतीय सेना के अत्याधुनिक सैन्य उपकरणों का ‘स्टेटिक एवं डायनेमिक डिस्प्ले’ प्रदर्शित होगा। वहीं, बड़ा तालाब स्थित वीआईपी बोट क्लब क्षेत्र में सेना के शौर्य, सामरिक क्षमता और रणनीतिक कौशल पर आधारित ‘इंटीग्रेटेड कॉम्बैट डिस्प्ले’ आयोजित किया जाएगा।
कर्नल मिश्रा ने आयोजन को सफल बनाने के लिए मध्य प्रदेश शासन और भोपाल जिला प्रशासन से निरंतर सामंजस्य, समन्वय एवं सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर