कनाडा से उज्जैन के छात्र का शव लाने में खर्च होंगे लाखों रुपये, परिजनों ने केन्द्र से लगाई गुहार
- मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मृतक के परिजनों से की बात, हरसंभव सहायता के लिये किया आश्वस्त
भोपाल, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन निवासी छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा की कनाडा में हत्या होने के बाद उसका शव भारत लाने में लाखों रुपये खर्च होने की जानकरी सामने आई है। कनाडा से मृतक के शव को वापस लाने के लिए परिजनों ने केन्द्र सरकार से मदद की गुहार लगाई है।
परिवार का कहना है कि कनाडा सरकार शव देने के लिए करीब 40 हजार डॉलर (लगभग 35 लाख रुपये) जमा कराने को कह रही है। जांच प्रक्रिया के कारण अस्पताल से शव 15 दिन बाद ही दिया जाएगा। शव को कनाडा से उज्जैन लाने में करीब 10 लाख रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा। ऐसे में परिजन ने केंद्र के साथ ही राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन से भी मदद की गुहार लगाई है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार देर शाम उज्जैन निवासी स्व. गुरकीरत मनोचा के परिजनों से फोन पर चर्चा कर कनाडा में हुई असामयिक दुखद मृत्यु पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देश के होनहार छात्र की मृत्यु से उनका हृदय व्यथित है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परिजनों को स्व. गुरकीरत के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में भारत सरकार और प्रदेश सरकार द्वारा पूर्ण रूप से सहायता करने का आश्वस्त किया है। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
गौरतलब है कि 14 मार्च को कनाड़ा के फोर्ट सेंट जॉन शहर में उज्जैन के छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा की कॉलेज के छात्रों ने हत्या कर दी। करीब 10-12 युवकों ने पहले गुरकीरत की पिटाई की, फिर उस पर गाड़ी चढ़ा दी। छात्र को गंभीर चोटें आई थीं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। गुरकीरत उज्जैन के देवास रोड स्थित पार्श्वनाथ सिटी के निवासी थे। वे कनाडा के नॉर्दर्न लाइट्स कॉलेज में बिजनेस मैनेजमेंट के पोस्ट डिग्री डिप्लोमा प्रोग्राम की पढ़ाई कर रहे थे।
गुरकीरत के बड़े भाई प्रबकीरत सिंह ने बताया कि कनाडा में ही रह रहे गुरकीरत के एक दोस्त ने फोन कर घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि गुरकीरत की मौत हो गई है। इसके बाद प्रबकीरत सिंह ने परिवार को सूचना दी। स्थानीय पुलिस और अस्पताल से संपर्क किया। परिजन का कहना है कि कनाडा में प्रक्रिया पूरी करने और शव भारत लाने के लिए लाखों रुपये खर्च होंगे, जिसका इंतजाम करना उनके लिए संभव नहीं है। ऐसे में परिवार ने केंद्र और राज्य सरकार से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
गुरकीरत के पिता गुरजीत सिंह ने सोमवार को बताया कि उनके लिए यह रकम जुटाना संभव नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आर्थिक सहायता देने की अपील की है, ताकि बेटे का शव भारत लाकर अंतिम संस्कार किया जा सके। छात्र के परिजनों ने कनाडा जाने के लिए वीजा प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि वहां पहुंचकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा सकें।
पिता गुरजीत सिंह ने बताया कि गुरकीरत लगभग सवा साल पहले पढ़ाई के लिए कनाडा गया था। वह बेहद शांत और नेक स्वभाव का था। वह किसी भी विवाद में नहीं पड़ता था। उन्होंने कहा कि यह घटना परिवार के लिए बेहद दुखद है। उन्होंने बताया कि इस मामले में कनाडा में जांच जारी है। स्थानीय पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो-तीन अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
ज्जैन में लगातार लोग गुरकीरत के घर पहुंचकर परिजन से मिल रहे हैं और उन्हें सांत्वना दे रहे हैं। गुरकीरत के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य बेटे को याद कर रो रहे हैं। उनकी आंखों से आंसू नहीं रुक रहे। वह सदमे में हैं। गुरकीरत के पारिवारिक मित्र अभिलाष जैन ने बताया कि परिवार के सदस्य कनाडा जाने के लिए वीजा प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं। वे वहां पहुंचकर आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी करना चाहते हैं। स्थानीय परिचित और समाज के लोग भी परिवार के संपर्क में हैं। उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दे रहे हैं।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर