भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मध्य प्रदेश का दबदबा, राज्य के आठ नेताओं को मिली जिम्मेदारी

 


भोपाल, 17 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान किया है। पार्टी की ओर से जारी सूची में मध्य प्रदेश का दबदबा बढ़ा है। इसमें प्रदेश के आठ नेताओं को राष्ट्रीय जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जारी सूची के अनुसार, मप्र कोटे से राज्यसभा सांसद बने पंजाब के तरुण चुग को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा लाल सिंह आर्य, गजेंद्र पटेल, कविता पाटीदार, विष्णु दत्त शर्मा, बंसीलाल गुर्जर, सौदान सिंह और आशीष उषा अग्रवाल को भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया है।

भाजपा की नई टीम में मध्य प्रदेश से लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, गजेंद्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री, कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री का पदभार सौंपा गया है। वहीं, विष्णुदत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक, बंशीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा आशीष उषा अग्रवाल को मीडिया सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

लाल सिंह आर्य ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के वरिष्ठ नेता हैं। वे भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चे की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और संगठन में लंबे समय से सक्रिय हैं। दलित प्रतिनिधित्व का बड़ा चेहरा माने जाते हैं। वे मध्य प्रदेश की गोहद विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

वहीं, खरगोन से सांसद गजेंद्र पटेल मध्य प्रदेश के आदिवासी क्षेत्रों में संगठनात्मक और राजनीतिक काम का अनुभव रखते हैं, साथ ही इस वर्ग के प्रतिनिधि चेहरे हैं। उन्हें 2017 में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद वे प्रदेश भाजपा में उपाध्यक्ष रहे। 2019 में पहली बार खरगोन से लोकसभा पहुंचे और 2021-22 में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी संभाली। वे 2024 में लगातार दूसरी बार सांसद चुने गए। अब उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है।

राज्यसभा सांसद 52 वर्षीय कविता पाटीदार प्रदेश भाजपा संगठन में महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। संगठन के साथ संसदीय राजनीति का अनुभव भी है। वे इंदौर जिला पंचायत की अध्यक्ष और भाजपा की प्रदेश महामंत्री रह चुकी हैं। ओबीसी वर्ग से आने वाली कविता पाटीदार पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता भेरूलाल पाटीदार की बेटी हैं। संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद वे 2022 में राज्यसभा पहुंचीं। उनके नाम के साथ महिला और ओबीसी दोनों समीकरण जुड़ते हैं।

राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर मंदसौर के रहने वाले हैं। वे मध्य प्रदेश भाजपा के प्रमुख किसान नेताओं में गिने जाते हैं। संगठन में उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियां संभाली हैं और किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। 2024 में वे मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद बने। अब भाजपा ने उन्हें किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है। किसान संगठन में लंबे अनुभव को देखते हुए यह जिम्मेदारी उनके राजनीतिक सफर में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

विष्णुदत्त शर्मा खजुराहो से सांसद हैं। वे भाजपा के प्रमुख संगठनात्मक नेताओं में शामिल हैं। वे लंबे समय तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे और इसके बाद भाजपा संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। वे फरवरी 2020 से जुलाई 2025 तक मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे। 2019 में पहली बार खजुराहो से लोकसभा सांसद बने और 2024 में दोबारा निर्वाचित हुए। अब उन्हें प्रकोष्ठ संकुल का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है।

विदिशा जिले के कागपुर के रहने वाले सौदान सिंह का भाजपा की नई टीम में कद बढ़ा है। वे पहले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें राष्ट्रीय सह-महासचिव (संगठन) बनाया गया है और उनका मुख्यालय चंडीगढ़ रहेगा। उनके साथ शिवप्रकाश को भी इसी पद पर बरकरार रखा गया है, जिनका मुख्यालय मुंबई रहेगा।

मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया है। वे इससे पहले पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। नई टीम में उन्हें केंद्रीय कार्यालय की जिम्मेदारी दी गई है।

आशीष उषा अग्रवाल मध्य प्रदेश भाजपा के मीडिया संगठन में सक्रिय रहे हैं। वे प्रदेश स्तर पर पार्टी की मीडिया गतिविधियों और संचार व्यवस्था से जुड़े रहे हैं। अब भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उन्हें राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश भाजपा के मीडिया नेटवर्क को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व मिला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर