मप्र भाजपा के प्रभारी बनने के बाद पहली बार उज्जैन पहुंचे बिप्लव कुमार देब, सपत्नीक किए बाबा महाकाल के दर्शन

 


उज्जैन, 30 अक्टूबर(हि.स.)। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मध्य प्रदेश प्रभारी बिप्लव कुमार देब शुक्रवार को अपनी धर्मपत्नी त्रिवेणी राव के साथ उज्जैन पहुंचे और विश्व प्रसिद्ध ज्योर्तिंग भगवान महाकालेश्वर के मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने विधि विधान से भगवान महाकाल का पूजन-अभिषेक कर आशीर्वाद लिया।

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री देब का मध्य प्रदेश के प्रभारी नियुक्त होने के बाद उज्जैन का यह यह पहला दौरा है। उन्हें 23 सितंबर 2026 को मध्य प्रदेश भाजपा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया था। वे शुक्रवार को ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने के लिए इंदौर पहुंचे हैं।

देब इंदौर में पदयात्रा में शामिल होने से पहले उज्जैन पहुंचे। यहां श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से डिप्टी कलेक्टर एवं उप प्रशासक सिम्मी यादव ने दोनों का स्वागत और सत्कार किया। उन्होंने महाकालेश्वर मंदिर में अपनी पत्नी त्रिवेणी राव के साथ नंदी हॉल में बैठकर पूजन-अर्चन किया। पुजारी राजेश गुरु और संजय गुरु ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। इस दौरान सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा सहित स्थानीय भाजपा नेता मौजूद रहे।

उन्होंने दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि मध्य प्रदेश का प्रभारी बनने के बाद पहली बार बाबा महाकाल के दर्शन करने आया हूं। यहां से मन को शांति और काम करने की ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, सांसद, स्थानीय नेतृत्व, साधु-संतों और पुजारियों के साथ दर्शन का सौभाग्य मिला। उन्होंने ईश्वर से भारत की प्रगति और संगठन की मजबूती के लिए और ताकत से काम करने की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर