भोपाल में शुरू हुई देश की तीसरी ल्यूमिनेसेंस डेटिंग लैब, 10 लाख साल तक पुराने मिट्टी-पत्थर का जान सकेंगे अतीत

 








भोपाल, 23 नवंबर (हि.स.)। लाखों साल पहले धरती पर इंसान कैसे रहता था, उस समय पर्यावरण कैसा था और जलवायु में क्या बदलाव हुए थे, अब इन सवालों के जवाब वैज्ञानिक जांच से मिल सकेंगे। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रदेश की पहली और देश की तीसरी ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भोपाल के मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) परिसर में देश की तीसरी अत्याधुनिक 'डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला' और गैलरी के लोकार्पण किया। इस तकनीक से करीब 10 लाख साल तक पुराने नमूनों का काल निर्धारण संभव है।

मुख्यमंत्री द्वारा मैपकास्ट में प्रसिद्ध पुरातत्वविद् डॉ. वाकणकर के जीवन, शोध और उपलब्धियों पर आधारित विशेष गैलरी भी शुरू की गई है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सह-सरकार्यवाह सुरेश सोनी भी मौजूद थे। इस दौरान कॉफी टेबल बुक 'महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम' का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रयोगशाला लगभग 10 लाख साल तक पुराने अवशेषों और घटनाओं की वैज्ञानिक जांच करने में सक्षम है। इसके माध्यम से प्राचीन सभ्यताओं के कालखंड, मानव विकास की परंपरा और उस समय की जलवायु परिस्थितियों का पता लगाया जा सकेगा। जमीन में दबे अवशेषों ने सूर्य की रोशनी आखिरी बार कब ग्रहण की थी, इसका वैज्ञानिक आकलन भी इस तकनीक से संभव होगा।

उन्होंने कहा कि पद्मश्री डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ने सीमित संसाधनों के बावजूद पुरातत्व के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। भीमबेटका जैसी ऐतिहासिक धरोहर को सामने लाने में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है। उनके नाम पर प्रयोगशाला स्थापित करना उनके काम और शोध परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

इस प्रयोगशाला की सबसे बड़ी खासियत इसकी जांच प्रक्रिया है। इस प्रयोगशाला में जांच के लिए पूरी तरह अंधेरा रखा जाता है और वैज्ञानिक लाल रोशनी में नमूनों का परीक्षण करते हैं।

मैपकास्ट में रिसर्च एसोसिएट हलधर कुमार के अनुसार, यहां सेडिमेंट यानी मिट्टी की परतों और उनमें मौजूद खनिजों की उम्र का आकलन किया जाता है। इसके लिए प्रयोगशाला में अंधेरा रखा जाता है। सामान्य रोशनी के बजाय हल्की लाल रोशनी में वैज्ञानिक नमूनों की जांच करते हैं। विशेष मशीनों और वैज्ञानिक तकनीक की मदद से यह पता लगाया जाता है कि संबंधित नमूना कितने हजार या लाख साल पुराना है। इससे किसी पुरातात्विक स्थल की उम्र निर्धारित करने और वहां मिले साक्ष्यों को ऐतिहासिक समयक्रम से जोड़ने में मदद मिलेगी।

प्रयोगशाला का महत्व केवल पुरानी वस्तुओं की उम्र पता लगाने तक सीमित नहीं है। इसके जरिए लाखों साल पहले के पर्यावरण और जलवायु में हुए बदलावों का भी अध्ययन किया जा सकेगा। वैज्ञानिक नमूनों की उम्र निर्धारित करने के बाद उन्हें उस दौर की पर्यावरणीय परिस्थितियों से जोड़कर देख सकेंगे। इससे पता चलेगा कि अलग-अलग समय में जलवायु कैसी थी, धरती पर क्या बदलाव हुए और मानव जीवन किन परिस्थितियों में विकसित हुआ। रिसर्च एसोसिएट हलधर कुमार के अनुसार, इस प्रयोगशाला में प्राप्त होने वाले आंकड़ों को पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन के अध्ययन से भी जोड़ा जाएगा। इससे प्राचीन भूगर्भीय घटनाओं और मानव इतिहास को समझने में मदद मिलेगी।

प्रयोगशाला के साथ शुरू हुई डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर गैलरी में उनके जीवन और पुरातात्विक योगदान की झलक दिखाई देगी। इसमें उनके बनाए चित्रों की प्रतिकृतियां, प्रकाशित पुस्तकें, शोध साहित्य और भारतीय कला भवन उज्जैन से प्रकाशित सामग्री रखी गई है।

पद्मश्री पुरातत्ववेत्ता डॉ. नारायण व्यास ने बताया कि डॉ. वाकणकर के साथ काम करने के दौरान उनसे जुड़ी कई यादें और सामग्री उन्होंने सुरक्षित रखी थीं। इनमें आदिमानव के बनाए पत्थर के छोटे-बड़े औजार, हैंड एक्स, क्लीवर और पत्थर की कुल्हाड़ी भी शामिल हैं। इन वस्तुओं को भी गैलरी में प्रदर्शित किया गया है। डॉ. व्यास के मुताबिक, उन्होंने डॉ. वाकणकर के साथ भीमबेटका और भोपाल के आसपास पुरातात्विक सर्वेक्षण एवं शोध कार्य किया था। गैलरी में इन वस्तुओं को रखने का उद्देश्य नई पीढ़ी को डॉ. वाकणकर के काम और प्राचीन मानव सभ्यता के साक्ष्यों से परिचित कराना है।

इस प्रयोगशाला में देश के अलग-अलग हिस्सों से नमूने लाकर भी जांच कराई जा सकेगी। डॉ. नारायण व्यास के मुताबिक, देश में इस तरह की प्रयोगशालाएं पहले से मौजूद हैं, लेकिन मध्य प्रदेश में इसकी शुरुआत शोध के लिए महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में यहां कार्बन डेटिंग प्रयोगशाला स्थापित करने की भी योजना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर