भोपाल में अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का शुभारंभ आज, सुखविंदर सिंह की प्रस्तुति होगी मुख्य आकर्षण
- केंद्रीय खेल मंत्री डॉ मांडविया एवं मुख्यमंत्री डॉ यादव रहेंगे उपस्थित, समारोह में 6 देशों की महिला हॉकी टीमें करेंगी मार्च पास्ट
भोपाल, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का भव्य शुभारंभ आज शाम 6 बजे होगा। मुख्यमंत्री मोहन डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मानसुख मांडविया की विशेष उपस्थिति रहेगी।
मप्र के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि समारोह का मुख्य आकर्षण अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायक सुखविंदर सिंह की संगीतमय प्रस्तुति होगी। सुखविंदर सिंह ने 'चक दे इंडिया' और 'जय हो' जैसे लोकप्रिय गीतों से देश-दुनिया में अपनी विशेष पहचान बनाई है। उनकी प्रस्तुति से समारोह में संगीत और खेल का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम शाम 6 बजे से प्रारंभ होगा।
छह देशों की टीमें करेंगी मार्च पास्ट, एशियन गेम्स पदक विजेता खिलाड़ियों का होगा सम्मान
मंत्री सारंग ने बताया कि शुभारंभ समारोह में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लेने वाली सभी छह देशों की महिला हॉकी टीमें मार्च पास्ट करेंगी। इसके साथ ही एशियन गेम्स में पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ियों का स्वागत करने के साथ भारतीय खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
परिसर में सजेगा खेल गांव, दिखेगी मध्य प्रदेश की समृद्ध संस्कृति
मंत्री सारंग ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और स्थानीय विशेषताओं को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से खेल गांव भी विकसित किया जाएगा। इसके माध्यम से देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं अतिथियों को मध्य प्रदेश की संस्कृति, कला और परंपराओं से परिचित होने का अवसर मिलेगा। खेल और संस्कृति के इस समन्वय से आयोजन को विशेष पहचान मिलेगी।
गौरतलब है कि नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में 19 से 28 नवंबर तक महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन चल रहा है। प्रतियोगिता में एशिया की छह शीर्ष महिला हॉकी टीमें हिस्सा लें रही हैं। मंत्री सारंग ने बताया कि लगभग 900 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर का लोकार्पण प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर