मप्र के भिंड में पिकअप-डंपर की भिड़ंत में 8 मजदूरों की मौत, 23 घायल
भिंड/ग्वालियर, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सोमवार देररात नेशनल हाइवे-719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास तेज रफ्तार मजदूरों से भरी पिकअप की सामने से आ रहे डंपर से भिड़ंत हाे गई। चंबल रेंज के डीआईजी सुनील कुमार जैन ने इस हादेस में 8 मजदूरों की मौत व 23 मजदूरों के घायल होने की पुष्टि की है| घायलों में कई की हालत गंभीर है। सभी घायलाें काे गोहद स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान और घायलों की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
बताया गया है कि हादसा साेमवार देररात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाइवे पर बैठी गायाें को बचाने के प्रयास में पिकअप चालक ने वाहन काे मोड़ा। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई मजदूर वाहन में फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। हादसे में पांच मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया , जबकि तीन मजदूराें की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, एसडीओपी महेंद्र गौतम, चोराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव, गोहद थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह कुशवाहा और ऐंडोरी थाना प्रभारी विवेक प्रभात सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सूचना मिलते ही डायल-108 की पांच एंबुलेंस को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। इसके अलावा डायल-112 की मदद से भी घायलों को बाहर निकालकर गोहद अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर भेजा गया है। कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पांच शव गोहद और तीन शव ग्वालियर में रखे गए हैं। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है तथा उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।
हादसे का शिकार हुए मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के पछगवां और आसपास के गांवों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र के पास चिनौर गांव में धान की रोपाई का काम करने आए थे। काम पूरा होने के बाद मजदूर पिकअप वाहन से अपने गांवों के लिए रवाना हुए थे। घायल नंदलाल पुत्र छेन बिहारी बताया कि पिकअप में कुल 29 मजदूर सवार थे। सभी अलग-अलग गांव के थे।
गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पिकअप की गति करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे होने का अनुमान है। इसी दौरान हाइवे पर बैठे मवेशी अचानक सामने आने से चालक ने उन्हें बचाने की कोशिश की। वाहन अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा से आ रहे डंपर से जा भिड़ा। हालांकि पुलिस ने मवेशियों को बचाने की कोशिश को हादसे की प्रारंभिक वजह माना है, लेकिन दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियों और दोनों वाहनों की गति की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। रात के सन्नाटे में चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ राहत कार्य में जुट गए। क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण हाइवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे