सेना को दुश्मन के घर में घुसकर जवाब देने की छूट : मोहन यादव
- खटीमा में भाजपा कार्यकर्ता सम्मान समारोह में शामिल हुए मप्र के मुख्यमंत्री, धामी के घर किया भोजन
- मां ने पहाड़ी टोपी पहनाकर चावल-अचार और पंचमुखी हनुमान की तस्वीर भेंट की
भोपाल, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र खटीमा पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए देश की रक्षा नीति और भारतीय सेना के शौर्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की स्थिति मजबूत हुई है। अब सेना को दुश्मन के घर में घुसकर जवाब देने की पूरी छूट है। पाकिस्तान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जो देश पहले भारत को लगातार परेशान करता था, आज उसकी बोलती बंद है।
खटीमा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री यादव ने उधम सिंह नगर जनपद के ग्राम नगरा तराई स्थित उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आवास पर दोपहर का भोजन भी किया। यहां धामी की मां बिशना देवी ने उनका पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया। उन्होंने मोहन यादव को पहाड़ी टोपी पहनाई और उत्तराखंड का चावल, घर का बना अचार तथा पंचमुखी हनुमान की तस्वीर भेंट की। मुख्यमंत्री ने बिशना देवी से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और आशीर्वाद लिया।
मोदी के नेतृत्व में दुनिया में बढ़ा भारत का सम्मान
खटिमा के अशोक फार्म स्थित शहीद हरिकिशन इंटर कॉलेज में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। अमेरिका, रूस और चीन जैसे ताकतवर देशों के राष्ट्राध्यक्ष भी उनके साथ तस्वीर खिंचवाना चाहते हैं। उन्होंने पहाड़ के रणबांकुरों और सेना के जवानों के शौर्य को नमन करते हुए कहा कि दुश्मन एक मारे तो उसे दस मारकर आने का अधिकार सेना को मिला है।
धामी के नेतृत्व में बदल रही देवभूमि की तस्वीर
डॉ. यादव ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने मंच से धामी के लिए तालियां भी बजवाईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड की तस्वीर तेजी से बदल रही है। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। दूरस्थ गांवों तक सड़क, स्कूल और अस्पताल जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास हो रहे हैं।
उन्होंने उत्तराखंड को आध्यात्मिक चेतना, शौर्य और संस्कृति की भूमि बताते हुए कहा कि भारत में जन्म लेने वाले व्यक्ति के लिए देवभूमि की यात्रा करना गौरव की बात है। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत बाबा बद्री विशाल, महाकाल महाराज, मां गंगा और शारदा महारानी के जयकारों से की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड की परंपराओं और संस्कृति की भी प्रशंसा की तथा छोलिया नृत्य का आनंद लिया।
2027 में अर्धकुंभ, 2028 में उज्जैन में सिंहस्थ
मुख्यमंत्री ने धार्मिक आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में अर्धकुंभ और वर्ष 2028 में मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ महाकुंभ का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार सिंहस्थ की तैयारियों में जुटी है। खटीमा और उत्तराखंड के लोगों को महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर और चित्रकूट धाम आने का निमंत्रण भी दिया।
भगवान राम और श्रीकृष्ण के प्रसंगों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान राम ने अपने वनवास के 11 वर्ष चित्रकूट में बिताए थे, जबकि भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली उज्जयिनी रही है। कृष्ण-सुदामा की मित्रता का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि व्यक्ति जीवन में कितना भी बड़ा मुकाम हासिल कर ले, उसे बचपन के मित्रों को नहीं भूलना चाहिए। जरूरतमंद और गरीब लोगों को साथ लेकर चलना ही समाज की वास्तविक ताकत है।
वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित
समारोह में मुख्यमंत्री ने भाजपा को स्थापित करने में योगदान देने वाले वरिष्ठ नेताओं, बुजुर्ग कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। खटीमा पहुंचने पर लोहियाहेड हेलीपैड पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया था। इसके बाद वे मुख्यमंत्री धामी के नगरा तराई स्थित आवास पहुंचे और फिर सभा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्यों में महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल हैं। आपसी सहयोग और सौहार्द के जरिए धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नए प्रकल्पों पर काम किया जा सकता है। उन्होंने दीपावली और छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर