इंदौर के खजराना गणेश मंदिर की दान पेटियों से अब तक निकले 1.30 करोड़ रुपये, गिनती जारी
इंदौर, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में 10 अगस्त से दान पेटियों की गिनती की जा रही है। गुरुवार तक चार दिनों में दान पेटियों से एक करोड़ 30 लाख रुपये की राशि गिनी जा चुकी है। यह राशि मंदिर के बैंक खाते में जमा करा दी गई है। शुक्रवार को भी दान पेटियों से प्राप्त राशि की गिनती जारी रहेगी।
लाखों भक्तों की आस्था के केंद्र खजराना गणेश मंदिर में रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में 40 दान पेटियां रखी हैं, जिनमें भक्त अपनी श्रद्धानुसार राशि अर्पित करते हैं।
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित अशोक भट्ट ने बताया कि मार्च के बाद अगस्त में इन पेटियों को खोला गया है। इनसे प्राप्त राशि की गिनती मंदिर परिसर में ही की जा रही है। दान राशि की गिनती वाले स्थान पर चार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा एक वीडियोग्राफर लगातार पूरी प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग कर रहा है। दान पेटियां जिस स्थान से लाई जाती हैं, वहां भी वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने बताया कि चार दिनों की गिनती में कुल एक करोड़ 30 लाख रुपये प्राप्त हुए हैं। यह राशि मंदिर के बैंक खाते में जमा करा दी गई है। अभी कुछ दान पेटियों की गिनती बाकी है, जिनकी प्रक्रिया शुक्रवार को भी जारी रहेगी।
पंडित अशोक भट्ट ने बताया कि इससे पहले मार्च में दान पेटियां खोली गई थीं। उस दौरान करीब चार महीने की दान राशि के रूप में 1 करोड़ 35 लाख रुपये प्राप्त हुए थे। यह राशि भी मंदिर के बैंक खाते में जमा करा दी गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर