एसीटी फाइबरनेट की एआई आधारित एडटेक प्लेटफॉर्म ट्यूरिटो के साथ रणनीतिक साझेदारी

 


नई दिल्ली, 18 जून (हि.स.)। इंटरनेट सेवा प्रदाता एसीटी फाइबरनेट ने जनरेटिव एआई आधारित एडटेक प्लेटफॉर्म ट्यूरिटो के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस पहल के जरिए कंपनी अब केवल इंटरनेट कनेक्टिविटी ही नहीं बल्कि भारतीय परिवारों को एआई संचालित व्यक्तिगत शिक्षा सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगी।

कंपनी के अनुसार, जनवरी 2025 में एआई-संचालित वाई-फाई सेवा शुरू करने के बाद यह कदम डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में उसकी नई पहल है। साझेदारी का उद्देश्य छात्रों को घर बैठे बेहतर और व्यक्तिगत शिक्षण सहायता उपलब्ध कराना है, जिससे पारंपरिक शिक्षा और भविष्य की जरूरतों के बीच की खाई को कम किया जा सके।

इस पहल के तहत एसीटी फाइबरनेट के ग्राहकों को ट्यूरिटो एआई एकेडमी तक पहुंच मिलेगी।

यह प्लेटफॉर्म कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई के साथ-साथ आईआईटी-जेईई, नीट, एसएटी, एसीटी, पीएसएटी, एसएसएटी और एपी जैसी प्रतियोगी एवं अंतरराष्ट्रीय परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद करेगा।

ट्यूरिटो एआई एकेडमी 24x7 एआई-संचालित ट्यूटरिंग और व्यक्तिगत लर्निंग पाथवे की सुविधा प्रदान करती है। इससे छात्रों को उनकी सीखने की गति और जरूरतों के अनुसार रियल-टाइम सहायता तथा अनुकूलित अध्ययन योजना मिल सकेगी।

साझेदारी के तहत एसीटी फाइबरनेट के सभी ग्राहकों को ट्यूरिटो एआई एकेडमी का तीन महीने का निःशुल्क ट्रायल दिया जाएगा। एसीटी फाइबरनेट के चीफ ग्रोथ ऑफिसर रवि कार्तिक ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि कंपनी की तेज और भरोसेमंद इंटरनेट सेवा डिजिटल अवसरों के नए रास्ते खोल रही है। ट्यूरिटो के साथ यह साझेदारी परिवारों और छात्रों को एआई संचालित व्यक्तिगत शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

वहीं, ट्यूरिटो के संस्थापक एवं सीईओ उदय रेड्डी ने कहा कि एडटेक क्षेत्र अब केवल शैक्षणिक सामग्री तक सीमित नहीं है बल्कि निरंतर संवाद और व्यक्तिगत शिक्षण की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी लाखों घरों तक एआई आधारित शिक्षा पहुंचाने में मदद करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी