माता-पिता के प्रति कर्तव्य और सम्मान से मजबूत होती है पारिवारिक व्यवस्था : गुणवन्त कोठारी

 


कानपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। नई पीढ़ी को अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का बोध कराना और परिवार के संस्कारों को आगे बढ़ाना समय की बड़ी जरूरत है। माता-पिता बच्चों के प्रथम गुरु होते हैं और परिवार ही उन्हें रिश्तों की मर्यादा, सामाजिक जिम्मेदारी तथा मानवीय मूल्यों की सीख देता है। यह बातें रविवार को वीरेंद्र स्वरूप पार्क में हिंदू आध्यात्मिक सेवा मेले के चौथे दिन आयोजित मातृ-पितृ वंदन समारोह में मुख्य वक्ता गुणवन्त कोठारी ने कही।

उन्होंने कहा कि हिंदू आध्यात्मिक सेवा संस्थान छह सिद्धांतों पर काम करता है, जिनमें पारिवारिक एवं मानवीय मूल्यों का संरक्षण प्रमुख है। परिवार में बच्चों को माता-पिता, भाई-बहन और अन्य संबंधियों के प्रति अपने दायित्व निभाना सिखाया जाता है। ये जिम्मेदारियां किसी दबाव या कर्ज चुकाने के भाव से नहीं, बल्कि प्रसन्नता और आत्मीयता से निभाई जानी चाहिए। माता का स्नेह और पिता का अनुशासन बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करता है। परिवार ही बच्चों को पशु-पक्षियों के प्रति संवेदना, पड़ोसियों की मदद, सामाजिक व्यवहार और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं का महत्व समझाता है। विवाह को भी भारतीय व्यवस्था में अनुबंध नहीं, बल्कि संस्कार माना गया है। उन्होंने कहा कि माता-पिता केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि एक संस्था हैं। उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव बनाए रखना जरूरी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कानपुर प्रांत संघचालक भवानी भीख तिवारी ने कहा कि भगवान गणेश ने माता-पिता की परिक्रमा करके उन्हें ही अपना संसार बताया था। भगवान राम ने पिता के वचन का पालन करते हुए राजपाट छोड़कर वनवास स्वीकार किया। श्रवण कुमार ने नेत्रहीन माता-पिता को तीर्थयात्रा कराकर सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि माता-पिता और बच्चों दोनों को अपनी जिम्मेदारियां समझनी होंगी। बच्चों को संस्कार देने के साथ परिवार में ऐसा वातावरण बनाना होगा, जहां आपसी सम्मान और पारिवारिक मूल्यों को प्राथमिकता मिले।

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि वर्तमान समय में माता-पिता और बच्चों के बीच संबंधों में तनाव बढ़ रहा है। ऐसे में मातृ-पितृ वंदन जैसे आयोजनों की प्रासंगिकता और बढ़ जाती है। भारतीय संस्कृति में माता-पिता को देवतुल्य माना गया है। दीक्षांत समारोह में भी मातृ देवो भव और पितृ देवो भव का संदेश दिया जाता है। उन्होंने कहा कि धन और प्रतिष्ठा से ही व्यक्ति बड़ा नहीं बनता, बल्कि माता-पिता की सेवा और उनके प्रति जिम्मेदारी निभाना भी उसकी वास्तविक पहचान है।

इस दौरान विशिष्ट अतिथि डॉ. मनीष वर्मा, एसपी सिंह, अशोक दोषी और राममूर्ति समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप