पुडुचेरी में प्रधानमंत्री मोदी का भव्य रोड शो, एनडीए के समर्थन की अपील, विपक्ष पर ‘डब्ल्यूईएके’ टिप्पणी से हमला
नई दिल्ली, 03 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पुडुचेरी में रोड शो कर 09 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए एआईएनआरसी-भाजपा गठबंधन के पक्ष में समर्थन मांगा। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के विकास कार्यों को गिनाते हुए जनता से दोबारा अवसर देने की अपील की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में रोड शो की तस्वीरें साझा करते हुए इसे “शानदार” बताया। उन्होंने कहा कि पुडुचेरी की जनता ने “बीईएसटी पुडुचेरी” के विजन को आगे बढ़ाने के लिए एनडीए को पुनः चुनने का मन बना लिया है। उन्होंने रोड शो में बड़ी संख्या में शामिल महिलाओं और युवाओं की भागीदारी को भी सराहा।
मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के नेतृत्व में पुडुचेरी ने कई क्षेत्रों में प्रगति की है। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत करने, रोजगार सृजन, रिक्त पदों को भरने और किसानों व युवाओं के कल्याण के लिए किए गए कार्यों की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने हाल ही में शुरू की गई विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएम ई-बस सेवा के तहत शुरू की गई ई-बसों से परिवहन अधिक आरामदायक और पर्यावरण अनुकूल हुआ है। उन्होंने एनएच-32 के एक हिस्से पर एलिवेटेड कॉरिडोर, एनएच-332ए के 14 किमी हिस्से के उन्नयन और पुडुचेरी-पुंडियानकुप्पम सेक्शन के चार लेन निर्माण से बेहतर कनेक्टिविटी का जिक्र किया। साथ ही, मरक्कानम-पुडुचेरी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना और माहे स्टेशन के अमृत भारत योजना के तहत कायाकल्प का भी उल्लेख किया।
उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि एनआईटी कराईकल में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ब्लॉक, गंगा हॉस्टल, जिपमर के क्षेत्रीय कैंसर केंद्र का आधुनिकीकरण और पांडिचेरी विश्वविद्यालय में नए बुनियादी ढांचे से स्थानीय जरूरतों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी लाभ मिलेगा।
आर्थिक विकास पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने करासूर-सेदारापेट औद्योगिक क्षेत्र को महत्वपूर्ण परियोजना बताया, जहां फार्मा, टेक्सटाइल और आईटी पार्क विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा आने वाले समय में अनुसंधान एवं विकास (आरएडंडी) केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछली यात्रा के दौरान ग्रामीण सड़कों, हेरिटेज टाउन, मैंग्रोव संरक्षण और जल आपूर्ति सुधार जैसी परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई थी, जिन्हें “डबल इंजन” सरकार समयबद्ध तरीके से पूरा करेगी।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि उनके पास पुडुचेरी के विकास के लिए कोई दृष्टि नहीं है और वे इसे “एटीएम” की तरह इस्तेमाल करना चाहते हैं। उन्होंने “डब्ल्यूईएके पुडुचेरी” की अवधारणा का जिक्र करते हुए कहा कि इसका अर्थ है— डब्ल्यू का अर्थ सबसे खराब शासन। ई का अर्थ विकास का अंत, ए का अर्थ जनता के खिलाफ और के का अर्थ अर्थव्यवस्था को नुकसान से है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए पुडुचेरी को मजबूत, विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और जनता से गठबंधन को समर्थन देने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार