मोदी ने आडवाणी से उनके आवास पर मुलाकात की, आशीर्वाद लिया
नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से उनके आवास पर मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि उन्होंने आडवाणी जी से उनके आवास पर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आडवाणी के दशकों लंबे सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र के लिए उनके योगदान ने देश के जीवन पर स्थायी छाप छोड़ी है।मोदी ने कहा, ‘‘उन्होंने भारत की प्रगति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।’’
98 वर्षीय आडवाणी भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल हैं और देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री रह चुके हैं। उन्हें वर्ष 2024 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार