प्रधानमंत्री मोदी ने बैडमिंटन टीम और स्कीट मिश्रित टीम को कांस्य पदक जीतने पर दी बधाई

 


नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम तथा स्कीट मिश्रित टीम स्पर्धा में पदक हासिल करने वाले परिनाज धालीवाल और अनंतजीत सिंह नरूका को बधाई दी है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने गुरुवार को ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री मोदी के संदेश को साझा करते हुए कहा, “एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली हमारी पुरुष बैडमिंटन टीम को बधाई।” मोदी ने कहा कि यह पदक टीम के जुनून और कड़ी मेहनत को दर्शाता है तथा पूरी टीम ने प्रतियोगिता के दौरान शानदार खेल भावना का प्रदर्शन किया।

प्रधानमंत्री ने पुरुष बैडमिंटन टीम को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि वह भविष्य में होने वाली प्रतियोगिताओं में भी सफलता हासिल करे।

एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने परिनाज धालीवाल और अनंतजीत सिंह नरूका को एशियाई खेलों की स्कीट मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि इस स्पर्धा में एशियाई खेलों में भारत का पहला पदक है।

मोदी ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता आने वाले समय में देश के लिए ऐसी कई और उपलब्धियों की प्रेरणा बने।

प्रधानमंत्री ने एशियाई खेलों में महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली सीमा को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि सीमा के दृढ़ प्रदर्शन से भारत को इस स्पर्धा में कई वर्षों बाद पदक मिला है। यह उपलब्धि उनकी सहनशक्ति, अनुशासन और वर्षों की कड़ी मेहनत को दर्शाती है। प्रधानमंत्री ने उन्हें भविष्य के लिए अनेक सफलताओं की शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार