अन्नपूर्णा योजना बंगाल की महिलाओं के आत्मविश्वास को मजबूती देने का महत्वपूर्ण प्रयास : मोदी

 


नई दिल्ली, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि अन्नपूर्णा योजना बंगाल की महिलाओं के आत्मविश्वास को मजबूती देने का महत्वपूर्ण प्रयास है। योजना के तहत करीब डेढ़ करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में गुरुवार को चौथी किस्त पहुंचाई जा रही है। प्रत्येक लाभार्थी महिला को हर महीने 3,000 रुपये मिलेंगे, जिससे उन्हें परिवार के जरूरी खर्चों के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को वीडियो संदेश के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि घर में माताओं और बहनों के कंधों पर अनेक जिम्मेदारियां होती हैं। जब जरूरी खर्चों की चिंता कम होती है तो उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है। अन्नपूर्णा योजना इसी सोच के साथ बंगाल की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि योजना की राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में पहुंच रही है, इसलिए उन्हें इसके लिए किसी से कहने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि योजना में न कोई 'कटमनी' है और न कोई बिचौलिया।

मोदी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि एक भी पात्र महिला अन्नपूर्णा योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि बंगाल की महिलाओं के पास अपने फैसले लेने की ताकत और आगे बढ़ने का हौसला होना चाहिए तथा इसमें अन्नपूर्णा योजना की बड़ी भूमिका है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि माताओं, बहनों और बेटियों के जीवन से जुड़ी विभिन्न जरूरतों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं। इनमें गर्भावस्था के दौरान पोषण के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा के लिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना, स्वरोजगार के लिए मुद्रा योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, सौभाग्य, आयुष्मान भारत और जनधन योजना शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि बंगाल में पिछले वर्षों में केंद्र की कई योजनाओं का लाभ समय पर नहीं पहुंच पाया, जिससे गरीब परिवारों को नुकसान हुआ। अब रुकी हुई योजनाओं और लंबित परियोजनाओं को गति दी जा रही है। प्रधानमंत्री ने बताया कि बंगाल में 50 लाख से अधिक ऐसे नए गरीब परिवारों की पहचान की गई है, जिन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के घर दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना को भी राज्य में लागू किए जाने का उन्होंने उल्लेख किया।

मोदी ने कहा कि बंगाल की माताओं-बहनों और लोगों के आशीर्वाद से मिलकर नया बंगाल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित बंगाल के सामर्थ्य से विकसित भारत का संकल्प और मजबूत होगा। प्रधानमंत्री ने अन्नपूर्णा दिवस के साथ विश्वकर्मा पूजा की भी शुभकामनाएं दीं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार