मिजोरम में 11.30 लाख की म्यांमार मुद्रा के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार

 


आइजोल, 17 अप्रैल (हि.स.)। मिजोरम में म्यांमार की बड़ी मात्रा में अवैध मुद्रा जब्त की गई है तथा इस संबंध में एक म्यांमार नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त रूप से की गई।

असम राइफल्स के सूत्रों द्वारा आज दी गई जानकारी के अनुसार, यह अभियान 13 अप्रैल को चाम्फाई जिले के जोखावथार क्षेत्र में चलाया गया। संयुक्त टीम ने क्रॉसिंग प्वाइंट संख्या-2 पर घात लगाकर एक म्यांमार नागरिक को पकड़ा, जिसके पास से लगभग 11.30 लाख की म्यांमार मुद्रा (म्यांमार क्यात -एमएमके) बरामद की गई। यह मुद्रा अवैध रूप से तस्करी कर लाई जा रही थी।

गिरफ्तार व्यक्ति और जब्त मुद्रा को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए चाम्फाई जिले के जोखावथार थाने को सौंप दिया गया है।

इसी बीच, एक अन्य अभियान में असम राइफल्स और कस्टम प्रिवेंटिव फोर्स ने चाम्फाई जिले के रुआनथलांग क्षेत्र में अवैध सुपारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 52 बोरी सुपारी जब्त की। जब्त सुपारी की कीमत लगभग 29.12 लाख आंकी गई है।

जब्त सुपारी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए कस्टम प्रिवेंटिव फोर्स को सौंप दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश