नाज़िया इलाही खान का भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा से कोई संबंध नहींः जमाल सिद्दिकी
नई दिल्ली, 22 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दिकी ने एक अखबार में चलाई गई ख़बर का खंडन किया। खबर में नाज़िया इलाही खान को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का नेता बताया जा रहा है। मोर्चा के अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि नाजिया इलाही खान का मोर्चे से कोई संबंध नहीं है।
बुधबार को
मीडिया को जारी बयान में राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दिकी ने कहा कि नाजिया इलाही खान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा में नहीं है। न प्रदेश की टीम और न राष्ट्रीय टीम में, उनके पास अल्पसंख्यक मोर्चा की कोई जिम्मेदारी नहीं है।
जमाल सिद्दिकी ने कहा कि उनके जितने भी बयान होते हैं वो सिर्फ और सिर्फ निजी बयान होते हैं, उसका भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा से कोई संबंध नहीं है। उनके बयानों से अल्पसंख्यक मोर्चा की छवि खराब होती है।
उन्होंने कहा कि नाजिया इलाही खान के किसी भी तरह के बयानों को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा से नहीं जोड़ा जाए। उन्होंने नाजिया को चेतावनी दी है कि अगर वो भविष्य में खुद को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का पदाधिकारी बताएंगी तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जमाल सिद्दिकी का कहना है कि इनके बयान आपत्तिजनक, नफरत फैलाने वाले और असंवैधानिक होते हैं, जिनके द्वारा धार्मिक भावनाएं भड़काने की कोशिश की जाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी