दो एसपीओ की हत्या के बाद वांटेड आतंकियों के पोस्टर जारी, 30 लाख का इनाम
किश्तवाड़, 13 नवंबर (हि.स.)। दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (एसपीओ) की हत्या के बाद किश्तवाड़ जिला पुलिस ने वांटेड आतंकियों के पोस्टर जारी किए हैं। साथ ही उनकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले को 30 लाख रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है।
इन आतंकियों की पहचान मोहम्मद अमीन उर्फ जहांगीर, रियाज अहमद उर्फ हजारी और मुदस्सिर हुसैन के रूप में हुई है। यह घोषणा तब की गई है, जब गुरुवार सुबह किश्तवाड़ में एसपीओ बबी चंद और रशपाल कुमार के गोलियों से छलनी शव मिले। ये दोनों बुधवार से लापता थे।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर उन्हें इन आतंकियों के ठिकाने के बारे में कोई जानकारी हो, तो 9797900958 और 1995357494 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह