रियासी के महोर में एक आतंकी ठिकाने से हथियार और गोला-बारूद बरामद

 

रियासी, 03 सितंबर (हि.स.)।

सुरक्षाबलों ने गुरुवार को रियासी जिले के महोर इलाके के खताजी में एक आतंकी ठिकाने से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह बरामदगी सेना की 58 राष्ट्रीय राइफल्स, स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए एक संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान की गई।

उन्होंने बताया कि बरामद सामान में एक पिस्तौल, एक एके-47 मैगज़ीन, एक हैंड ग्रेनेड और गोला-बारूद शामिल है। अधिकारी ने बताया कि गोला-बारूद में एके-47 के 140 राउंड, पिका के 19 राउंड और 9एमएम पिस्तौल के 25 राउंड शामिल हैं। छह कैसेट भी बरामद किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच चल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह