बारामूला में आतंकी सहयोगी गिरफ़्तार, हथियार और गोला-बारूद बरामद

 

बारामूला, 02 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के बारामूला में रविवार को सुरक्षाबलों ने ओवर ग्राउंड वर्कर' (ओजीडब्ल्यू अर्थात आतंकी सहयोगी ) को दबोच लिया। उसके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि नरवाव के जंडफरान-गोरीवान क्रॉसिंग पर 46 राष्ट्रीय राइफल्स, पुलिस एसओजी, 53 बटालियन सीआरपीएफ और 112 बटालियन बीएसएफ के जवानों ने संयुक्त नाका लगाया था। इस दौरान गोरीवान की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति ने नाका देखकर भागने की कोशिश की। सतर्क जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर सुरक्षाबलों को उसके पास से एक कैमोफ्लााज्ड एमपी-5 टाइप पिस्तौल, 10 ज़िंदा 9एमएम कारतूस वाली एक मैगजीन, एक मोबाइल फोन और एक काला बैकपैक मिला। गिरफ़्तार व्यक्ति की पहचान नंबलन शीरी के रहने वाले एजाज अहमद गनी पुत्र मोहम्मद सुल्तान गनी के तौर पर हुई है।

पुलिस स्टेशन शीरी में कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर नंबर 37/2026 दर्ज की गई है। उसके संपर्कों और गतिविधियों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह