गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने और घुसपैठियों को बाहर निकालने की भरी हुंकार
अररिया, 26 फरवरी(हि.स.)। केंद्रीय
गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय सीमांचल के दौरे पर हैं। गृह मंत्री किशनगंज के बाद दौरे के दूसरे दिन अररिया के सिकटी प्रखंड में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 52 वीं बटालियन के लेटी स्थित बॉर्डर आउट पोस्ट पहुंचे। जहां करोड़ों की लागत से बने भवन का लोकार्पण किया।
मौके पर गृह मंत्री ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के दस किलोमीटर की परिधि में अवैध अतिक्रमण और घुसपैठियों पर निशाना साधा। उन्होंने ऐलान किया कि सीमा से दस किमी के अंदर तक के अवैध अतिक्रमण को खत्म कर घुसपैठियों को देश से बाहर किया जायेगा। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को आश्वस्त किया कि एक एक घुसपैठियों को बाहर निकालने को लेकर वे दृढ़ संकल्पित हैं।घुसपैठियों को बाहर निकालने के बाद ही वे वोट मांगेंगे।
उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को देश से बाहर निकालना एक बड़ी ी चुनौतीहै। केन्द्र-राज्य सरकार के साथ-साथ सुरक्षा एजेंसियों के तालमेल से कार्य योजना तैयार कर उसे मूर्तरूप प्रदान करने के काम करेंगे। उन्होंने सीमा सुरक्षा प्रबंधन के तहत सीमा से दस किलोमीटर के अंदर के अवैध अतिक्रमण को हटाने को पहली प्राथमिकता करार दिया। उन्होंने घुसपैठियों के कारण हो रहे जनसांख्यिकी बदलाव को देश की संस्कृति और डेमोग्राफी के लिए चिंता का विषय बताया।
अमित शाह ने कहा कि जनसंख्यायिकी परिवर्तन पर उच्च स्तरीय समिति बनाकर सीमांत क्षेत्र, बल्कि पूरे देश की समीक्षा की जायेगी। उन्होंने स्वीकार किया कि सबसे अधिक जनसांख्यिकी बदलाव पश्चिम बंगाल के साथ बिहार और झारखंड में हुआ है।उन्होंने कहा कि इसकी रोकथाम के लिए सीमा सुरक्षा के तहत अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर कंटीले तार और बाड लगाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा के दौरान जो हमने वादा किया था कि सीमांचल से घुसपैठियों को बाहर निकालेंगे, उसके हर हाल में पूरा करेंगे।
गृह मंत्री के कार्यक्रम को लेकर भारत नेपाल सीमा से लेकर हेलिपैड, लेटी बीओपी कैम्प पर भारी संख्या में बिहार पुलिस के जवान और दंडाधिकारी के साथ के एसएसबी,सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इससे पहले लेटी पहुंचने पर गृह मंत्री का स्वागत डीएम विनोद दूहन,एसपी जितेन्द्र कुमार,भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा,सांसद प्रदीप कुमार सिंह,विधायक विजय कुमार मंडल सहित एसएसबी और केंद्रीय पुलिस बल के अधिकारियों आदि ने उनका स्वागत बुके और अंगवस्त्र प्रदान कर किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर