भारी बारिश के कारण महाराष्ट्र विधानसभा का कामकाज पूरे दिन तक के लिए स्थगित
मुंबई, 06 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने सोमवार को मुंबई सहित राज्य में भारी बारिश के मद्देनजर विधानसभा का काम काज पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया है। हालांकि विपक्ष ने इससे पहले बारिश की वजह से सरकारी तंत्र के असफल होने की वजह से विधानसभा का कामकाज पूरे दिन के लिए स्थगित करने की मांग की थी।
आज सुबह विधानसभा का कामकाज शुरु होने से पहले विपक्ष ने विधानभवन की सीढिय़ों पर सरकार के विरोध में आंदोलन किया था। इसके बाद विधानसभा का काम काज शुरु होने के बाद विपक्षी विधायक विजय बडेट्टीवार ने सभागृह में मानखुर्द में अवैध मकान गिरने से छह लोगों की मौत का मुद्दा उपस्थित किया था। उन्होंने सदन को बताया कि भारी बारिश को लेकर सरकार ने कोई ठोस व्यवस्था नहीं की थी, इसलिए बारिश में चारों तरफ मौत का सिलसिला शुरु है। मुंबई में पेड़ गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है। मानखुर्द में तो सरकारी अनदेखी में बन रहे अवैध निर्माण ने छह निर्दोष लोगों की जान ले ली है। मैनहोल में गिरने से एक शख्स की मौत हो चुकी है। बडेट्टीवार ने कहा कि यह सभी घटनाएं गंभीर से भी अति गंभीर हैं, इसलिए सदन का कामकाज पूरे दिन के लिए कर दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, बारिश और बाढ़ की स्थिति के हिसाब से आज का दिन बहुत अहम है। आज दोपहर के बाद कई इलाकों में तेज़ हवाएं चलने लगेंगी। इससे पेड़ गिर सकते हैं। इसलिए, अगर हो सके तो लोगों को ट्रैवल करने से बचना चाहिए। जब तक कोई ज़रूरी वजह न हो, कोई भी ट्रैवल न करे। मैं युवाओं से अपील करता हूं कि इस दौरान झरने या टूरिज़्म के लिए दूसरी जगहों पर न जाएं। मैं आज खुद स्टेट डिज़ास्टर मैनेजमेंट सेंटर जाऊंगा और राज्य में बारिश की स्थिति का रिव्यू करूंगा। चूंकि आज भारी बारिश की उम्मीद है, इसलिए मैं कल सदन में इस पर विस्तार से बयान दूंगा। राज्य सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है। पिछले दो दिनों में, उन जगहों की पहचान करके लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है जहां दुर्घटनाएं हो सकते हैं। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि इस सब में सरकारी मशीनरी कहीं भी कम नहीं पड़ेगी। हालांकि इसके बाद अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने सदन का कामकाज पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव