महाराष्ट्र के बारामती एयरपोर्ट पर ट्रेनिंग विमान रनवे से फिसलकर क्षतिग्रस्त, दोनों पायलट सुरक्षित

 


मुंबई, 09 अगस्त, (हि.स.)। महाराष्ट्र के बारामती एयरपोर्ट पर रविवार को एक ट्रेनिंग विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलकर क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में विमान में सवार इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट दोनों सुरक्षित हैं। इस घटना की गहन छानबीन जारी है।

पुणे के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि कार्वर एविएशन का सेसना-172 विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया, जिससे वह विमान मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। विमान में सवार दोनों लोग सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे की जांच कर रही हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

बारामती पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया निजी फ्लाइट ट्रेनिंग संस्थान कार्वर एविएशन का सेसना-172 ट्रेनिंग विमान रविवार दोपहर बारामती एयरपोर्ट पर लैंड कर रहा था। इसी दौरान विमान रनवे से फिसल गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान का एक हिस्सा पास के लाइट पोल से टकराया और इसके बाद विमान रनवे की सीमा से बाहर चला गया। हादसे के समय विमान में दो लोग सवार थे। दोनों पायलट सुरक्षित हैं और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और एयरपोर्ट प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच कार्य शुरु कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव