अमिताभ बच्चन के बंगले के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई, एक संदिग्ध युवक हिरासत में
मुंबई, 23 अक्टूबर (हि.स.)। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को सुरक्षा बढ़ा दी है।
इसी बीच, बंगले के बाहर काफी देर तक खड़े एक युवक को पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के शक में हिरासत में लेकर पूछताछ की। हालांकि, पूछताछ में युवक ने बताया कि वह वहां सेल्फी लेने आया था। इसके बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह मुंबई नगर निगम के महापौर कार्यालय के ईमेल अकाउंट पर दो धमकी भरे मेल थे। इनमें से एक में मेयर कार्यालय, कुछ स्कूलों में बम विस्फोट की धमकी दी गई थी। इसके बाद दूसरे धमकी भरे ईमेल में अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ का भी जिक्र किया गया था। मेल में कथित तौर पर 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच बंगले को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और इलाके में निगरानी बढ़ा दी। अमिताभ बच्चन के बंगले के बाहर अक्सर प्रशंसकों की भीड़ जुटती है। फैंस यहां सेल्फी लेने और वीडियो बनाने के लिए पहुंचते हैं।
हालांकि, धमकी मिलने के बाद पुलिस किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहती। यही वजह है कि बंगले के आसपास आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल, धमकी भरे ईमेल की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। मामले में पुलिस की जांच और धमकी की सत्यता से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव