महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने बारामती विधान सभा उपचुनाव के लिए भरा नामांकन
मुंबई, 06 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने सोमवार को बारामती विधान सभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, भाजपा नेता और राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, प्रफुल्ल पटेल सहित कई कद्दावर नेता मौजूद थे।
नामांकन भरते समय उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार भावुक हो गईं थीं । उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कभी भी यह नहीं साेचा कि उन्हें उप चुनाव लडऩा पड़ेगा। सुनेत्रा पवार ने कहा कि वे चार बार मुख्यमंत्री रहे शरद पवार की बहू हैं। छह बार उपमुख्यमंत्री रहे अजीत पवार की पत्नी हैं। उन्हाेंने कहा, अजितदादा ने बारामती में आखिरी सांस ली। उन्हाेंने कहा, बारामती के लोगों को देखकर ही मुझे हिम्मत मिली। बारामती की हर इमारत में अजितदादा का स्पर्श है। मैं बारामती की इज़्ज़त को जऱा भी कम नहीं होने दूंगी। अजितदादा ने वोट शेयर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्हाेंने कहा, यह चुनाव नहीं, अजितदादा को श्रद्धांजलि देने का मौका है। अजीतदादा का जनता दरबार जारी रहेगा। उन्हाेंने भरोसा दिलाया कि बारामती का विकास जारी रहेगा।
इसी तरह आज राहुरी विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार अक्षय शिवाजीराव कर्डिले ने अपना नामांकन भरा। यह सीट पूर्व भाजपा विधायक शिवाजीराव कर्डिले के निधन के बाद रिक्त हुई है। बारामती और राहुरी दोनों सीटों पर निर्विरोध चुनाव कराने का प्रयास मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित राकांपा एपी गुट के नेता कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि बारामती के पूर्व विधायक और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की विमान हादसे में 28 जनवरी, 2026 को मौत हो गई थी। उसके बाद रिक्त हुई इस सीट का उपचुनाव घोषित किया गया है। इस सीट पर नामांकन भरने की आखिरी तारीख थी, मतदान 23 अप्रैल को और मतगणना 4 मई को होगी ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव