महाराष्ट्र में 12 घंटों में तीन सड़क हादसों में 21 लोगों की मौत
मुंबई, 11 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के अहिल्यानगर, भंडारा और नांदेड़ जिले में पिछले १२ घंटों में तीन सड़क हादसों में 21 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। इनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार पहली घटना अहिल्यानगर जिले के भलवानी शिवरा इलाके में हुई। यहां अहिल्यानगर-कल्याण हाईवे पर होटल संदीप के सामने बीती देर रात करीब 2 बजे आयशर टेम्पो और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कार में सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शकील शेख, उनकी पत्नी सलमा शेख, इकबाल शेख और सुमैया शेख के रूप में हुई है। जांच में पता चला है कि सभी मुंबई के मालवणी इलाके के रहने वाले थे और रिश्तेदारों से मिलने अहिल्यानगर आ रहे थे। मामले में अल्ताफ शब्बीर शेख (52), निवासी मुकुंदनगर, अहिल्यानगर ने पारनेर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के मुताबिक, शकील शेख अपने परिवार के साथ कार से अहिल्यानगर आ रहे थे। भलवानी शिवरा में होटल संदीप के सामने सामने से आ रहे आयशर टेम्पो ने उनकी कार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार में सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को पारनेर ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आयशर टेम्पो का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भंडारा जिले के लाखनी-साकोली मार्ग पर पिंपलगांव के पास शुक्रवार सुबह एक आयशर टेम्पो और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में छत्तीसगढ़ से नागपुर जा रहे मजदूर परिवारों के 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छह महिलाएं और तीन छोटे बच्चे शामिल हैं। ये लोग त्योहार मनाने नागपुर जा रहे थे। वाहनों में करीब 16 से 17 लोग सवार थे। सुबह नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव के पास दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। मृतकों में अधिकांश महिलाएं करीब 35 वर्ष की हैं, जबकि एक महिला की उम्र लगभग 55 वर्ष बताई जा रही है। तीनों मृत बच्चों की उम्र पांच वर्ष से कम है। इस हादसे में सोमनाथ वर्मा के परिवार के चार सदस्यों—उनकी मां, बहन, भाभी और भतीजी की भी मौत हो गई। हादसे में घायल तीन बच्चों को भंडारा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों को नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वाहन चालक घायल है और उसका भंडारा मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। लखनी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तीसरी घटना में नांदेड़ जिले के नांदेड़-भोकर रोड पर गुरुवार शाम करीब 6 बजे एक ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों में पति-पत्नी और दो सगे भाई भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान पांडुरंग लिंगु वाघमारे, उनकी पत्नी लक्ष्मीबाई वाघमारे (निवासी सैदनगर, भोकर), मोबाइल रिपेयरिंग का काम करने वाले सैयद अल्तमश सैयद अलीमोद्दीन (निवासी बिलालनगर, भोकर), वाहन चालक शेख फिरोज (निवासी सैदनगर, भोकर), बलवान पवार (पोटा टांडा, तालुका हिमायतनगर), शाहिद सौदागर (भोकर) और कृष्णा पवार (पोटा टांडा, तालुका हिमायतनगर) के रूप में हुई है। एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। इस हादसे में सोमनाथ मारोती येलाने, शेख रेहान (16), शेख जलील (60), पिंटू धुर्वे, रेखा बागे (40), शेख खलील शेख वहीद और शेख बाबुमिया घायल हुए हैं। सभी घायलों को नांदेड़ के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। तीनों हादसों में कुल 21 लोगों की मौत हुई है।
नांदेड़ में हुए हादसे पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद अशोक चव्हाण, सांसद डॉ. अजीत गोपछड़े और भोकर विधायक श्रीजया चव्हाण ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को घायलों को तत्काल और समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रशासन से घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और इलाज में किसी तरह की परेशानी न होने देने को कहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव