पुणे में ब्रेक फेल होने पर कंटेनर ने कई गाड़ियों को मारी टक्कर, दो की मौत

 


मुंबई, 19 सितंबर (हि.स.)। पुणे जिले में मुंबई-बैंगलोर हाईवे पर नवले ब्रिज के पास बीती रात ब्रेक फेल होने पर एक तेज़ रफ़्तार कंटेनर ने कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि बीती रात करीब एक बजे सातारा से मुंबई की ओर जा रहे कंटेनर का पुणे में भुमकर ब्रिज के पास अचानक ब्रेक फेल हो गया। जिससे कंटेनर अनियंत्रित होकर कंटेनर ने 3 से 4 दूसरी गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। शवों को बाहर निकाला गया। आधी रात हुए इस हादसे की वजह से मुंबई-बैंगलोर हाईवे पर कुछ देर के लिए गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई, जिससे बड़ा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव