(अपडेट) महाराष्ट्र के परभणी में निर्माणाधीन हनुमान मंदिर की छत गिरने से छह लोगों की मौत, 16 घायल
मुंबई, 20 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के परभणि जिले में स्थित मानवत तहसील में यशवाड़ी गांव में शनिवार दोपहर में निर्माणाधीन हनुमान मंदिर की छत गिरने से छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए। इस घटना में सभी घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में हो रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे पर चिंता जताई है और मृतकों के परिजनों को पांच लाख प्रत्येक आर्थिक मदद का ऐलान किया है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज दोपहर करीब 3.30 बजे मानवत तहसील के यशवाड़ी गांव में बन रहे हनुमान मंदिर का छत अचानक गिर गया, जब श्रद्धालु परिसर में जमा हुए थे। इस हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत हुई, जबकि बचाव दलों ने मलबे से करीब 25 लोगों को बाहर निकाला। कई घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में ले जाया गया। इस घटना में संतोष गद्दे, आकाश सुरदोसे, नुमेश अग्रवाल, सूरज कोप्रतकर और श्रीकृष्ण बाल्भीम गवारे नामक पांच शवों की पहचान की गई है, जबकि खबर लिखे जाने तक छठे मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। मंदिर में सामान्य से अधिक भीड़ थी क्योंकि शनिवार का दिन भगवान हनुमान के भक्तों के लिए शुभ माना जाता है। हादसे के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन के कर्मचारियों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया और टीमें यह सुनिश्चित करने में जुट गईं कि कोई भी मलबे के नीचे फंसा न रहे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों की मौत पर दुख जताया और कहा कि घायलों का इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के लिए 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव